Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली की हवा में कुछ सुधार, अब AQI 300 से कम

November 17, 2026

दिल्ली की हवा में कुछ सुधार, अब AQI 300 से कम

Delhi-NCR Sees Slight Relief as AQI Drops Below 300 : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को मंगलवार को कुछ राहत मिली। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 से नीचे दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में यह 200 से भी नीचे रहा। गुरुग्राम में AQI 300 के आसपास दर्ज किया गया। पिछले करीब 10 दिनों से प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी झेल रहे लोगों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को हवा में सुधार से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के विश्लेषण में दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण बढ़ने की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है।

नोएडा में सुबह एक्यूआई 200 से नीचे देखा गया तो वहीं गुरुग्राम में AQI 300 के आसपास दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में हवा थोड़ी साफ होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को हल्की राहत मिली है। लोगों को पिछले 10 दिन से सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। यहां तक बुजुर्ग और बच्चे भी घर से बाहर निकलने से गुरेज कर रहे थे। दिल्ली में इस बार प्रदूषण की सबसे ज्यादा मार झेलने वाले इलाकों की सूची में कई नए नाम हैं। आईटीओ, दिल्ली टेक्नोलाजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू), पूसा, सोनिया विहार और नार्थ कैंपस पहली बार शीर्ष 10 प्रदूषित इलाकों में शामिल हुए हैं। वहीं, छह इलाके ऐसे हैं जो पिछले पांच सर्दियों से लगातार दिल्ली के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में शामिल हैं।

पूसा जैसे हरे भरे क्षेत्र में प्रदूषण का यह स्तर चौंकाता है। सेंटर फार रिसर्च आन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है। इस विश्लेषण में अक्टूबर से फरवरी के दौरान पिछली छह सर्दियों के पीएम 2.5 स्तरों की तुलना की गई है। हालांकि, मौजूदा सर्दियों (2026-27) के आंकड़े 13 नवंबर तक के ही हैं। आईटीओ की रैंकिंग में बड़ा उछाल: पिछले वर्षों के आंकड़ों से पता चलता है कि कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। आईटीओ, जो 2021-22 की सर्दियों में 17वें और 2022-23 में 13वें स्थान पर था, अगले दो वर्षों में 24वें और 26वें स्थान पर पहुंच गया था। पिछले सीजन में यह 18वें स्थान पर रहा, लेकिन अक्सर रहने वाले यातायात जाम के कारण इस बार सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

इसी तरह डीटीयू 2021-22 में 13वें स्थान पर था, लेकिन अगले सीजन में 37वें स्थान पर खिसक गया। इसके बाद तीन सर्दियों तक 27वें से 39वें स्थान के बीच बना रहा। इस बार बायोमास जलाने और धूल उड़ने से पांचवें स्थान पर पहुंचना इसके आसपास बढ़ते प्रदूषण के दबाव को दर्शाता है। पूसा, सोनिया विहार और नार्थ कैंपस की रैंकिंग में भी यातायात जाम के कारण उल्लेखनीय उछाल आया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें