
लुधियाना: जिले के रामगढ़ इलाके में ओसवाल फोर्जिंग के पास लूट के इरादे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में प्रमोद सिंह घायल हो गए। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जबकि दो से तीन गोलियां उनके हेलमेट पर लगीं। हेलमेट की वजह से उनकी जान बच गई। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन प्रमोद सिंह ने बताया कि वह अकाउंट्स का काम करते हैं। वह रामगढ़ स्थित अपने ऑफिस से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार से पांच युवक उनके पास पहुंचे। युवकों की उम्र करीब 25 से 35 साल के बीच थी। उन्होंने प्रमोद सिंह को रास्ते में रोक लिया और स्कूटी खोलने के लिए कहा। बदमाशों ने उनके साथ बदतमीजी करते हुए कहा कि स्कूटी खोल, क्या स्कूटी तेरे बाप की है।
इसके बाद बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और जेबों की तलाशी लेने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने अपने साथियों से कहा कि गोली मार दो। इतना कहते ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। प्रमोद सिंह के मुताबिक, हमलावरों ने कई गोलियां चलाईं। एक गोली उनकी जांघ में लगी, जबकि दो से तीन गोलियां सीधे उनके हेलमेट पर जा लगीं। हेलमेट ने गोलियों का असर रोक लिया और उनकी जान बच गई।
प्रमोद सिंह ने बताया कि बदमाशों ने उनकी जेबें खंगालीं, लेकिन उनके पास नकदी या कोई कीमती सामान नहीं था। इस कारण वे लूटपाट करने में सफल नहीं हो सके। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल खुद सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दिए जाने और घटनास्थल की जांच के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)
मेष: दिन शुभ रहेगा...