
भद्रवाह: जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में ताज़ा बर्फबारी के बाद सुरक्षा बलों ने चौकसी बढ़ा दी है। सर्दियों के दौरान आतंकवादियों की संभावित घुसपैठ की आशंकाओं को देखते हुए भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त रूप से हाई-एल्टीट्यूड इलाकों में निगरानी और गश्त तेज कर दी है। भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी के जवान 10,500 फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित बर्फ से ढकी पहाड़ियों, घने जंगलों और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं।
आधुनिक निगरानी उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीक से लैस जवान संवेदनशील पहाड़ी रास्तों, आसपास की पर्वत श्रृंखलाओं और संभावित घुसपैठ मार्गों पर विशेष नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके। शून्य से नीचे तापमान, भारी बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। जवान यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि खराब मौसम और बर्फबारी के कारण सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो। रणनीतिक दृष्टि से भी भद्रवाह का इलाका बेहद महत्वपूर्ण है।
इसकी सीमाएं जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और कठुआ जिलों के अलावा पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से लगती हैं। घने जंगलों, ऊंची पहाड़ियों और आपस में जुड़े पर्वतीय मार्गों के कारण सर्दियों में इस पूरे क्षेत्र की निगरानी सुरक्षा बलों के लिए बेहद अहम हो जाती है। गौरतलब है कि कुलगाम में हालिया आतंकी हमले और किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPOs) की हत्या के बाद चिनाब घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...