
घुमारवीं : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मार्च 2028 तक बिलासपुर में ट्रेन का हॉर्न बज जाएगा और क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना साकार होगा। बिलासपुर तक रेल पहुंचना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे न केवल लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
अनुराग ठाकुर मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) में दी हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के भवन की दूसरी मंजिल का उद्घाटन करने पहुंचे थे। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।
बीबीएमबी से प्रदेश को रॉयल्टी दिलाने के लिए भाजपा ने अधिकार यात्रा से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। भाजपा की सरकारों ने अदालत में हलफनामे दाखिल कर हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है।
भाजपा ने हमेशा प्रदेश के अधिकारों और विकास को प्राथमिकता दी है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस कार्य का झूठा श्रेय लेने में जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य में कांग्रेस सरकार का कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस का कोई भी नेता प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई के लिए एक किलोमीटर भी पैदल नहीं चला है।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का एक ही काम रह गया है कि पैसा केंद्र सरकार दे और फट्टे अपने लगवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से होने वाले कार्यों का श्रेय प्रदेश सरकार खुद लेने में जुटी रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब ‘लॉकप्रिय सरकार’ बनकर रह गई है। नए संस्थान खोलना तो दूर, पूर्व सरकारों के समय में खोले गए संस्थानों पर भी ताले लगा दिए गए हैं।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के पूर्व खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के प्रधान हेमराज शर्मा ने की। इस मौके पर हेमराज शर्मा, जोरावर सिंह, ब्रह्मदास गौतम, जमना देवी, रक्षा कपिल, रतन धीमान, यशपाल सिंह, मनीष, राजेश कुमार (पूर्व सचिव), अमरनाथ, गुड्डी देवी (सचिव), जीत राम, कंसी राम और देशराज ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...