
जालंधर: जिले में लुटेरों और स्नेचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन बेखौफ लुटेरे सरेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। ताजा मामला लद्देवाली इलाके से सामने आया है, जहां दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रही एक बुजुर्ग महिला को बाइक सवार स्नेचर ने निशाना बनाते हुए उसके कानों से सोने की बालियां झपट लीं। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी पहले महिला को क्रॉस करते हुए आगे निकल जाता है। इसके बाद वह कुछ दूरी से वापस आता है और अचानक महिला के कानों से बालियां झपटकर फरार होने लगता है। इस दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को रोकने के लिए उस पर डस्टबिन तक मारा, लेकिन स्नेचर वारदात को अंजाम देकर भागने में कामयाब रहा।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आरोपी को पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। लोग मूकदर्शक बने रहे और आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात के दौरान महिला के कान पर गंभीर चोट आई।
परिवार के सदस्य महिला को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसके कान पर छह टांके लगाए। घटना की शिकायत थाना रामामंडी की पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस वारदात को लेकर इलाके के लोगों में भारी रोष है।
📍 Location: जालंधर लछॆबाली (जालंधर)
मेष: दिन शुभ रहेगा...