
लुधियाना: शहर में लूटपाट और ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला ताजपुर रोड का है, जहां दो कथित ढोंगी बाबाओं ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने ठग लिए और फरार हो गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी साधु के वेश में सुनार की दुकान पर पहुंचे और कथित तौर पर तांत्रिक विद्या का झांसा देकर दुकानदार को अपनी बातों में उलझा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदार को इस कदर भ्रमित कर दिया कि वह उनकी मांग के अनुसार गहने देता रहा। इसके बाद दोनों आरोपी लाखों रुपये के गहने लेकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि दुकानदार मनीष ने दोनों संदिग्धों को सर्राफा बाजार में पहचान लिया और उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
दुकानदार मनीष ने बताया कि करीब 30 दिन पहले दो व्यक्ति उनकी दुकान पर आए थे। शुरुआत में वे खाना मांगते थे और धीरे-धीरे बातचीत करने लगे। इसके बाद उन्होंने दुकानदार को अपनी बातों में उलझा लिया। मनीष के मुताबिक, उस समय उनका दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा था और वह आरोपियों की हर बात मानते चले गए। इस दौरान दोनों आरोपी उनसे करीब ढाई से तीन लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए।
दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)