Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मकोट नगर काउंसिल चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, शहर के प्रमुख चौकों पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग

November 19, 2026

धर्मकोट नगर काउंसिल चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, शहर के प्रमुख चौकों पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग

धर्मकोट/मोगा: धर्मकोट नगर काउंसिल के 28 नवंबर को होने वाले चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए मोगा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों के तहत धर्मकोट पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार चौकसी बरती जा रही है।

इसी अभियान के तहत आज धर्मकोट के मुख्य चौक में पुलिस की ओर से विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। संदिग्ध दिखाई देने वाले वाहनों की तलाशी भी ली गई। जिन वाहन चालकों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं पाए गए या जिन वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, उनके यातायात नियमों के अनुसार चालान काटे गए। पुलिस की ओर से प्रत्येक वाहन पर नजर रखी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान कोई भी शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना धर्मकोट के एसएचओ जतिंदर सिंह ने बताया कि एसएसपी सरताज सिंह चाहल के निर्देशों के अनुसार पूरे इलाके में सुरक्षा प्रबंध मजबूत किए गए हैं। नगर काउंसिल चुनावों को देखते हुए पुलिस की ओर से लगातार नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर में आने-जाने वाले वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को होने वाले नगर काउंसिल चुनावों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसके अलावा भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को पहले से मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

एसएचओ जतिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी व्यक्ति को हुड़दंगबाजी करने, शांति भंग करने या कानून व्यवस्था में बाधा डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति चुनावी माहौल खराब करने या किसी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें, नंबर प्लेट नियमों के अनुसार लगाएं और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाना है, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी डर, दबाव या बाधा के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। पुलिस प्रशासन की ओर से की जा रही इस सख्ती से जहां शरारती तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा रहा है। वहीं आम लोगों में भी सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करने का प्रयास किया जा रहा है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें