Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में स्कूलों के आसपास रेडबुल और स्टिंग की बिक्री पर प्रतिबंध

November 19, 2026

मोगा में स्कूलों के आसपास रेडबुल और स्टिंग की बिक्री पर प्रतिबंध

Moga Bans Energy Drinks Near Schools : मोगा। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मोगा जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। डीसी सागर सेतिया ने जिले के स्कूलों की कैंटीन और टक शॉप के अलावा निर्धारित दायरे में आने वाली दुकानों पर रेडबुल, स्टिंग सहित अन्य एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री पर रोक लगा दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों के 100 मीटर और शहरी क्षेत्रों में 50 मीटर के दायरे में यह प्रतिबंध लागू रहेगा। बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी आदेश 19 नवंबर, 2026 से 19 जनवरी, 2027 तक प्रभावी रहेंगे।

 

जिला मजिस्ट्रेट-कम-डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रशासन के इस फैसले के बाद अब जिले के स्कूलों की कैंटीन, टक शॉप और स्कूलों के आसपास निर्धारित दायरे में आने वाली दुकानों पर बच्चों को एनर्जी ड्रिंक्स नहीं बेची जा सकेंगी। जिला मजिस्ट्रेट की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में आने वाली दुकानों तथा शहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के 50 मीटर के दायरे में आने वाली दुकानों पर रेडबुल, स्टिंग आदि एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अलावा स्कूलों की कैंटीन और टक शॉप्स में भी बच्चों को इन पेय पदार्थों की बिक्री नहीं की जा सकेगी। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि आजकल बाजार में विभिन्न कंपनियों के नाम से कई तरह के एनर्जी ड्रिंक्स उपलब्ध हैं, जिनका सेवन बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चे कई बार आकर्षक पैकिंग और प्रचार से प्रभावित होकर ऐसे पेय पदार्थों का सेवन करने लगते हैं। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इनकी बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और उनका सुरक्षित भविष्य प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसी उद्देश्य से यह आदेश जारी किए गए हैं, ताकि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को ऐसे पेय पदार्थों से दूर रखा जा सके और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और दुकानदारों को आदेशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों के निर्धारित दायरे में आने वाली दुकानों तथा स्कूल कैंटीनों में इन एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की ओर से जारी यह आदेश 19 नवंबर 2026 से लागू होकर 19 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित पक्षों से आदेशों का पालन करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें