Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

26 नवंबर को मोगा में होगा राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत

November 19, 2026

26 नवंबर को मोगा में होगा राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत

मोगा: मोगा के गांव नत्थूवाला जदीद में 26 नवंबर को होने वाले आम आदमी पार्टी के राज्य स्तरीय समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस समारोह में विशेष रूप से शामिल होंगे और स्मार्ट राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत करेंगे। समारोह में पंजाब के विभिन्न जिलों से एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए आयोजन स्थल पर बड़े स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं।

समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आम आदमी पार्टी के महासचिव एवं स्टेट मीडिया हेड बलतेज पन्नू, बटाला के विधायक एवं पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शेरी कलसी, जगराओं की विधायक सर्वजीत कौर माणूंके तथा बाघापुराना के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद विशेष रूप से मोगा पहुंचे। उन्होंने गांव नत्थूवाला जदीद में बनाए जा रहे समारोह स्थल का निरीक्षण किया और वहां चल रहे प्रबंधों की विस्तार से जानकारी ली।

इस दौरान नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय समारोह में स्मार्ट राशन कार्ड योजना के वितरण की शुरुआत की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य योग्य परिवारों तक सरकारी राशन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुचारू तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि समारोह के लिए करीब 116 एकड़ भूमि में विशाल पंडाल सहित अन्य आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। पंजाब के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए पार्किंग, यातायात नियंत्रण, पीने के पानी, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को प्राथमिकता दी जा रही है।

नेताओं ने संबंधित अधिकारियों और प्रबंधकीय टीमों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि वाहनों की पार्किंग और यातायात व्यवस्था इस तरह बनाई जाए कि समारोह के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि मोगा पंजाब के केंद्रीय हिस्से में स्थित होने के कारण राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक स्थान है। इसलिए बड़ी संख्या में लोगों की आमद को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करें।

नेताओं ने कहा कि यह समारोह केवल स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब सरकार की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार, कृषि, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों को भी लोगों के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। इस दौरान सरकारी स्कूलों में शिक्षा सुधार, आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं, घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने तथा किसानों के हित में उठाए गए कदमों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने सभी प्रबंधकीय टीमों से अपील की कि राज्य स्तरीय समारोह को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और आपसी सहयोग से कार्य करें। इस अवसर पर एसडीएम मोगा सतविंदर पाल सिंह रणीके ने आयोजन संबंधी विभिन्न प्रबंधों की जानकारी दी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें