Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘नाम मोहम्मद सिराज है, इसलिए टीम से बाहर’, टीम इंडिया के चयन पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

November 20, 2026

‘नाम मोहम्मद सिराज है, इसलिए टीम से बाहर’, टीम इंडिया के चयन पर भड़के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए सिराज के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद सिराज को टीम में शामिल नहीं किया गया। इसकी वजह उनका नाम ‘सिराज’ होना बताया जा रहा है।

इमरान मसूद ने कहा कि मोहम्मद सिराज ने कई मौकों पर अपने प्रदर्शन से खुद को साबित किया है। इसके बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में खेलने का मौका नहीं दिया गया। मसूद ने आरोप लगाया कि अगर किसी खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा है और फिर भी उसे टीम में जगह नहीं मिलती, तो इस फैसले पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने इसे भेदभाव का मामला बताया।

रवि शास्त्री ने भी उठाए सवाल

मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले की आलोचना सिर्फ राजनीतिक गलियारों तक सीमित नहीं रही। पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी इस पर नाराजगी जताई। शास्त्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर मोहम्मद सिराज टीम में कहां हैं? उन्होंने कहा कि सिराज के पास अनुभव है। वह आक्रामक गेंदबाज हैं और गेंद से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। शास्त्री के मुताबिक, अगर टीम में चयन का आधार तेज गेंदबाजी, कौशल और सीम मूवमेंट था, तो सिराज को बाहर रखने पर सवाल उठना लाजिमी है।

सुनील गावस्कर और अजहरुद्दीन ने भी जताई नाराजगी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भी कमेंट्री के दौरान सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सिराज ने कभी भारत को निराश नहीं किया है और इस समय उनकी गेंदबाजी में अच्छी लय भी थी। वहीं, पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी टीम मैनेजमेंट के फैसले पर निराशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज ने अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई थी।

अजहरुद्दीन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिराज ने अपने प्रदर्शन से देश के प्रति समर्पण, क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा दिखाया है। उन्होंने लगातार टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और वह इससे बेहतर व्यवहार के हकदार हैं। हालांकि, उन्होंने टीम में शामिल किए गए अंशुल कंबोज को शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले के बारे में उचित स्पष्टीकरण दिया जाएगा।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सिराज का शानदार प्रदर्शन

मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर इसलिए भी हैरानी जताई जा रही है, क्योंकि वह मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सिराज ने इस चक्र में अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 26.81 की औसत और 45.69 के स्ट्राइक रेट से कुल 43 विकेट हासिल किए हैं।

उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में उन्हें मौका दिया जाना चाहिए था। सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला अब क्रिकेट और राजनीति, दोनों ही क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें