नेशनल डेस्कः असम के जोरहाट में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां सीट बेल्ट नहीं लगाने पर सेना के एक ड्राइवर का चालान काटने वाली मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) को ड्यूटी से हटा दिया गया है। जिला प्रशासन ने गुरुवार को इस घटना पर खेद जताते हुए कहा कि इसकी वजह से सेना के जवानों को अनजाने में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।
AT रोड पर चल रही थी वाहनों की जांच
यह पूरा मामला बुधवार को जोरहाट शहर के व्यस्त AT रोड का है। यहां इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने सरकार की ओर से ‘जीरो-फैटैलिटी’ सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अधिकारियों ने सेना की एक जिप्सी को रोका। बताया जा रहा है कि सेना का ड्राइवर सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए था, जिसके चलते मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर समीम सुल्ताना ने उसका चालान काट दिया।
Semin sultana, challaned an Army Driver driving an Army Vehicle in Jorhat of Assam, because she wants a civilian license from the Army Driver.
Made him stand infront of the vehicle and took a pic 🤡Today she herself is Challaned and taken off duty..
https://t.co/1QKODW8L2l— Kavya || The OG-カヴィヤ (Modi Ka Family) (@kavyasree_123) November 20, 2026
सेना के जवानों के साथ आधिकारिक ड्यूटी पर था ड्राइवर
अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित ड्राइवर लिचुबारी स्थित जोरहाट मिलिट्री स्टेशन के 41 सब-एरिया से जुड़ा हुआ था। वह सेना के एक अन्य जूनियर जवान के साथ सरकारी काम से जा रहा था। चालान काटने के बाद MVI ने सेना के अधिकारियों को जिप्सी के सामने खड़े होने के लिए कहा और उनकी तस्वीरें भी खींचीं।
ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर नहीं था कोई विवाद
जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने स्पष्ट किया कि सेना के ड्राइवर पर वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने का कोई आरोप नहीं लगाया गया था और न ही इस वजह से कोई जुर्माना लगाया गया था। उन्होंने बताया कि सेना के जवान अपने सैन्य ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर सेना के वाहन चला सकते हैं, लेकिन इसी लाइसेंस का इस्तेमाल सिविलियन वाहनों को चलाने के लिए नहीं किया जा सकता।
MVI के व्यवहार को बताया गया रूखा
जिला परिवहन अधिकारी के अनुसार, सेना के ड्राइवर से पूछताछ के दौरान MVI समीम सुल्ताना का व्यवहार कुछ रूखा था। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें एक-दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर MVI और सेना के ड्राइवर के बीच बहस होती दिखाई दे रही है।
26 लोगों की मौत के बाद सख्त किए गए थे नियम
जिला प्रशासन ने बताया कि पड़ोसी गोलाघाट जिले में 13 नवंबर को हुए एक सड़क हादसे में 26 लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों को सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के तहत जोरहाट में भी नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सेना के वाहन से जुड़ा यह मामला सामने आया। प्रशासन के अनुसार, सीट बेल्ट नहीं लगाने को लेकर हुई कार्रवाई के बाद कुछ गलतफहमियां पैदा हो गईं और स्थिति असहज हो गई।
जिला प्रशासन ने सेना से जताया खेद
जोरहाट जिला प्रशासन ने अपने बयान में कहा कि इस घटना के कारण सेना के जवानों को जो असुविधा और शर्मिंदगी हुई, उसके लिए उन्हें खेद है। प्रशासन ने साफ किया कि उसका मकसद सेना या सशस्त्र बलों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना अथवा उनका अपमान करना नहीं था।
सेना और प्रशासन के बीच हुई संयुक्त बैठक
मामले को लेकर जिला परिवहन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जांच की गई। इसके बाद लिचुबार स्थित हेडक्वार्टर 41 सब-एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) की अध्यक्षता में सेना और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में माना गया कि इस पूरे मामले में कुछ गलतफहमियां पैदा हुई थीं और गलत जानकारी भी फैलाई गई थी। दोनों पक्षों ने आपसी विश्वास, समझ और बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।