Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

85 साल तक के नागरिक जुड़ सकेंगे एनपीएस संचय योजना से, भविष्य होगा आर्थिक रूप से सुरक्षित

November 20, 2026

85 साल तक के नागरिक जुड़ सकेंगे एनपीएस संचय योजना से, भविष्य होगा आर्थिक रूप से सुरक्षित
NPS Sanchay Awareness Workshop Held in Mandi : मंडी। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत आम नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर पेंशन सुविधा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मंडी के रिवर बैंक होटल में एनपीएस संचय के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

डीसी अपूर्व देवगन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने सीएससी एवं लोकमित्र केंद्रों के प्रतिनिधियों, बैंक सखियों तथा किसान प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए एनपीएस संचय योजना की महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए पेंशन योजनाओं से जुड़ना चाहिए। एनपीएस संचय योजना इस दिशा में एक अच्छा विकल्प है। उन्होंने लोकमित्र केंद्रों एवं सीएससी प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक एवं सही तरीके से भरें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख सूरज दत्ता ने उपायुक्त अपूर्व देवगन को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सूरज दत्ता ने बताया कि बैंक का उद्देश्य असंगठित एवं अनौपचारिक क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को एनपीएस संचय योजना से जोड़ना है। यह योजना ऐसे लोगों को भविष्य में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यशाला में एनपीएस संचय योजना के विभिन्न पहलुओं, विशेषताओं तथा खाता खोलने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) द्वारा शुरू की गई यह योजना असंगठित एवं अनौपचारिक क्षेत्र के नागरिकों के लिए सरल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित पेंशन समाधान उपलब्ध करवाती है।

योजना के तहत 18 से 85 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी भारतीय नागरिक जुड़ सकता है। इसमें न्यूनतम 250 रुपये से खाता खोला जा सकता है तथा न्यूनतम 10 रुपये का अनुवर्ती योगदान किया जा सकता है। योजना में पूर्व निर्धारित निवेश विकल्पों के माध्यम से बचत को पेंशन निधि के रूप में विकसित करने का अवसर मिलता है। प्रतिभागियों को बताया गया कि नियमित बचत एवं दीर्घकालिक निवेश से भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है। एनपीएस संचय खाता ऑनलाइन ई-एनपीएस पोर्टल, बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) तथा अधिकृत सेवा प्रदाताओं के माध्यम से खोला जा सकता है।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800 110 708 तथा एसएमएस सेवा के तहत 56677 पर NPS Sanchay लिखकर संदेश भेजने की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक, पीएनबी के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर चंदर प्रकाश, डीआरडीए नाबार्ड से राकेश वर्मा, ग्रामीण बैंक के प्रबंधक के.सी. शेखावत, कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर के प्रभारी पंकज सूद, (पीएफआरडीए) शुभम खंडेलवाल, रघुवीर सिंह, दीपक कुमार (एसएलबीसी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें