Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज

November 20, 2026

मोगा में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज
 

Moga to Host Khushhaal Punjab Rally on November 26 : मोगा। नजदीकी गांव नथूवाला जदीद में 26 नवंबर 2026 को होने वाले विशाल राज्य स्तरीय समारोह को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक तलवंडी साबो प्रो. बलजिंदर कौर और विधायक कुलवंत सिंह ने समारोह स्थल का विशेष दौरा किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता एडवोकेट परमवीर सिंह और मार्केट कमेटी के चेयरमैन अमृतपाल सिंह खालसा भी मौजूद थे। इस मौके पर विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में होने वाला यह राज्य स्तरीय समारोह पंजाब सरकार की जनहितैषी पहलों को लोगों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस दौरान स्मार्ट राशन कार्डों के वितरण की शुरुआत की जाएगी, जिससे योग्य लाभार्थियों को सरकारी राशन की सुविधा अधिक सुचारू, पारदर्शी और सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस खुशहाल पंजाब महारैली में पंजाब भर से एक लाख से अधिक लोगों का जुटाव होगा। इस उद्देश्य के लिए लगभग 116 एकड़ भूमि में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समारोह में आम लोगों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की भी बड़ी भागीदारी रहेगी। दौरे के दौरान उन्होंने पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, पीने के पानी, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समारोह में आने वाले लोगों की सुविधा सबसे महत्वपूर्ण है और इसके लिए प्रत्येक व्यवस्था उचित ढंग से की जानी चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

विधायकों ने कहा कि यह समारोह केवल एक विशाल जनसमूह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के सर्वांगीण विकास और आम लोगों की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों को लोगों के सामने रखने का मंच भी बनेगा। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों, आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने, किसानों की भलाई और बुनियादी ढांचे के विकास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना और प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसी सोच के तहत स्मार्ट राशन कार्डों की पहल भी लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने सभी प्रबंधकीय टीमों से अपील की कि वे आपसी तालमेल के साथ काम करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करें, जिससे कि 26 नवंबर का यह राज्य स्तरीय समारोह सुचारू और यादगार ढंग से संपन्न हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें