Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

मां के निधन के बाद पैतृक गांव पहुंचे CM योगी, पार्थिव शरीर देखकर छलके आंसू; कल हरिद्वार में अंतिम संस्कार

November 20, 2026

मां के निधन के बाद पैतृक गांव पहुंचे CM योगी, पार्थिव शरीर देखकर छलके आंसू; कल हरिद्वार में अंतिम संस्कार

उत्तराखंड डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। मां के निधन की खबर मिलते ही सीएम योगी देर शाम उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां घर पहुंचकर उन्होंने मां के अंतिम दर्शन किए। मां का पार्थिव शरीर देखकर योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए।

परिवार के सदस्यों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने अपनी मां को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों को बताया कि सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा।

89 साल की उम्र में हुआ निधन

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। यह गांव उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में स्थित है। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और करीबियों में शोक की लहर है। सावित्री देवी के निधन पर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी दुख जताया है।

 

मई में मां से मिलने पहुंचे थे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। उस समय वह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर थे। 7 मई को योगी अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, जहां उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिवार के लोगों से मुलाकात की थी। इसके बाद 8 मई को कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह अपने घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। अब मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक घर पहुंचे हैं। इस दुखद समय में परिवार के साथ रहकर उन्होंने मां को अंतिम विदाई दी। शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति ने जताया दुख

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन का समाचार मिलने के बाद पीएम मोदी ने उनके फोन पर बात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनसे बात की। साथ ही उपराष्ट्रपति के साथ कई भाजपा नेताओं ने भी दुख जताया है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं सीएम योगी एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें