24 Congress Leaders Sent to Judicial Custody : पटियाला। PPSC कार्यालय में हंगामा करने और मुख्य गेट पर ताला लगाने के आरोप में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शुभम शर्मा समेत 24 कांग्रेस नेताओं को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों की जमानत याचिका पर 21 नवंबर को सुनवाई होगी।
गिरफ्तार लोगों में जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अर्शदीप सिंह के साथ-साथ जिमी गुप्ता और वरुण गर्ग भी शामिल हैं। गौरतलब है कि 19 नवंबर को यूथ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने PCS परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए PPSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान, प्रदर्शनकारियों पर कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाने, इमारत की दीवारों पर नारे लिखने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने का आरोप लगा। इस घटना के संबंध में, पुलिस ने थाना डिवीजन नंबर 4 में FIR दर्ज की और कुल 24 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
आज सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि सभी आरोपियों की ओर से जमानत अर्जी दाखिल की गई है। अदालत ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए कल, 21 नवंबर की तारीख तय की है। हालांकि, अदालत ने सभी 24 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। अब सबकी नजरें कल होने वाली जमानत सुनवाई पर टिकी हैं।