Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेलवे फाटक की समस्या के समाधान पर मंथन

November 20, 2026

रेलवे फाटक की समस्या के समाधान पर मंथन

Flyover Proposal Discussed for Chheharta Railway Crossing : अमृतसर। छेहरटा रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले जाम और लोगों की परेशानी दूर करने के लिए DC दलविंदरजीत सिंह और विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू की अध्यक्षता में संयुक्त बैठक हुई। इसमें प्रस्तावित फ्लाईओवर को छेहरटा बाजार के बजाय गुमानपुरा की ओर बनाने की संभावना पर विचार किया गया, ताकि बाजार और दुकानदारों के कारोबार को प्रभावित होने से बचाया जा सके।

 
 

इसमें उपायुक्त अमृतसर दलविंदरजीत सिंह और विधानसभा क्षेत्र अमृतसर पश्चिमी के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा मंडी बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (पी.डब्ल्यू.डी.), बिजली बोर्ड, नगर निगम और रेलवे विभाग के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू द्वारा पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान छेहरटा रेलवे फाटक की इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इस समस्या के समाधान के लिए गठित समिति का उन्हें चेयरमैन नियुक्त किया गया था।

बैठक के दौरान समस्या के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रस्तावित फ्लाईओवर को छेहरटा बाजार के बजाय गुमानपुरा की ओर बनाने की संभावना पर गंभीरता से विचार किया जाए। इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य छेहरटा बाजार को प्रभावित होने से बचाना, दुकानदारों के कारोबार की रक्षा करना तथा रेलवे फाटक से रोजाना गुजरने वाले हजारों लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना है। इस अवसर पर विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों के दौरान आम जनता के हितों की रक्षा करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लगातार संबंधित विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे, ताकि छेहरटा क्षेत्र के निवासियों और व्यापारी वर्ग को पेश आ रही परेशानियों से राहत मिल सके। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए तथा समस्या के उचित और स्थायी समाधान के लिए विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें