AAP Plans Mega Rally in Moga on November 26 : मोगा। आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर 26 नवंबर को मोगा में होने वाली ‘खुशहाल पंजाब रैली’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। करीब 116 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जबकि एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और आप नेता दीपक बाली ने रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस राज्य स्तरीय रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित पार्टी की समूची वरिष्ठ लीडरशिप शामिल होगी। रैली में एक लाख से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं, वालंटियरों और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। रैली के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार तथा जालंधर कैंट के हलका इंचार्ज दीपक बाली विशेष रूप से मोगा पहुंचे। उन्होंने रैली स्थल पर चल रहे प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा लोगों की सुविधा के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।
रैली के लिए करीब 116 एकड़ जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर पंडाल का दायरा और बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा लोगों के लिए पीने के पानी, खान-पान और शौचालयों सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि 26 नवंबर आम आदमी पार्टी के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में बनी इस पार्टी ने देश की राजनीति में आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और मुफ्त बिजली जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों से आम परिवारों को राहत देने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 80 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। गांवों में सड़कों का निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और किसानों को सुविधाएं देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशा तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है। संधवां ने कहा कि यह रैली केवल पार्टी का स्थापना दिवस मनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे पंजाब सरकार के चार साल के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों और लोगों को मिली सुविधाओं के रूप में मनाया जाएगा।
इसमें कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, चेयरमैन, विधायक, मेयर, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर संधवां ने कहा कि पार्टी को पंजाब के लोगों पर पूरा भरोसा है और सरकार अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन पार्टियों के पिछले राजनीतिक रिकॉर्ड से परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी पंजाब में लोगों की सेवा और विकास के एजेंडे के साथ आगे बढ़ रही है।
रैली को लेकर मोगा में बड़े स्तर पर चल रही तैयारियों के बीच प्रशासनिक और पार्टी स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 26 नवंबर को होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।