Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM YOGI समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

November 22, 2026

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर CM YOGI समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री और ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सादर नमन।”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा,”समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन!”

 

मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। समाजवादी विचारक और नेता राम मनोहर लोहिया से प्रेरित यादव जमीनी स्तर पर लोगों से अपने गहरे जुड़ाव तथा पिछड़े वर्गों, दमित एवं शोषित तबकों और अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह 1989 में पहली बार और फिर 1993 तथा 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वह देश के रक्षा मंत्री भी रहे। मुलायम सिंह यादव 1977 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राम नरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की सरकार में पहली बार मंत्री बने थे। उन्हें सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए भी जाना जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 2023 में मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया था। उनका 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें