Naved Alam Elected SFI Himachal President : शिमला। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) हिमाचल प्रदेश का 23वां राज्य सम्मेलन रविवार को शिमला में संपन्न हुआ। 20 से 22 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से आए प्रतिनिधियों ने शिक्षा व्यवस्था, छात्र अधिकारों और संगठन की भावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की।
सम्मेलन में आगामी कार्यकाल के लिए 35 सदस्यीय राज्य कमेटी और 12 सदस्यीय राज्य सचिवालय का चुनाव किया गया। इसमें कॉमरेड नावेद आलम को एसएफआई का राज्य अध्यक्ष और कॉमरेड कमल शर्मा को राज्य सचिव निर्वाचित किया गया। सम्मेलन के दौरान विगत कार्यकाल की सांगठनिक रिपोर्ट पेश की गई, जिस पर प्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श किया। चर्चा में प्रदेश की सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था पर बढ़ते हमलों, शिक्षा के निजीकरण एवं व्यावसायीकरण, शिक्षण संस्थानों में रिक्त पदों, फीस वृद्धि और छात्रवृत्तियों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। सम्मेलन में आगामी समय के लिए संगठन के संघर्षों की दिशा भी निर्धारित की गई।
एसएफआई ने प्रदेश में स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में व्यापक छात्र आंदोलन खड़ा करने तथा शिक्षण संस्थानों में फीस वृद्धि के खिलाफ संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कथित शैक्षणिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा करने का संकल्प लिया गया। निजी शिक्षण संस्थानों में छात्रों के शोषण, मानसिक दबाव और विद्यार्थियों की आत्महत्याओं के मामलों को लेकर भी अभियान चलाने का फैसला लिया गया।
महिलाओं के अधिकारों और परिसरों में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित जीएससीएएसएच कमेटियों के गठन की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सम्मेलन का समापन सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा और सभी विद्यार्थियों को समान एवं सस्ती शिक्षा उपलब्ध करवाने के संघर्ष को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।