Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News : न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम की अधिसूचना वापस लेने पर अड़ा शिक्षक संघ

November 22, 2026

Himachal News : न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम की अधिसूचना वापस लेने पर अड़ा शिक्षक संघ
Himachal Primary Teachers’ Hunger Strike Enters 120th Day : शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (HPPTF) का क्रमिक अनशन रविवार को 120वें दिन भी निदेशालय, स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। संघ के पदाधिकारी और शिक्षक अपनी मांगों के लिए लगातार आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को जिला बिलासपुर के पीटीएफ ब्लॉक घुमारवीं-1 के पदाधिकारियों ने अनशन में भाग लेकर शिक्षकों के अधिकारों और लंबित मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान पीटीएफ ब्लॉक घुमारवीं-1 के अध्यक्ष होशियार सिंह, महासचिव खूबसिंह, एचपीपीटीएफ के कार्यालय सचिव नवीन कुमार, राज्य प्रतिनिधि जय पाल और पीटीएफ ब्लॉक घुमारवीं-1 के आईटी सेल से पंकज भारद्वाज अनशन पर बैठे। संघ की प्रमुख मांग 23 सितंबर 2025 को जारी न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम संबंधी अधिसूचना को वापस लेने की है। इसके अतिरिक्त शिक्षकों की 24 अन्य लंबित मांगें भी आंदोलन का हिस्सा हैं। संघ के अनुसार इन 24 मांगों को लेकर 11 नवंबर को निदेशक स्कूल शिक्षा के साथ हुई बैठक में सहमति बन गई है। इसके बावजूद संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक सहमति के अनुरूप लिखित अधिसूचनाएं जारी नहीं की जातीं, तब तक क्रमिक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा। संघ का कहना है कि केवल बैठक में सहमति बनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मांगों को सरकारी स्तर पर अधिसूचित करना जरूरी है, जिससे कि शिक्षकों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। इसी कारण शिक्षक संगठन लिखित आदेश जारी होने तक आंदोलन जारी रखने के अपने फैसले पर अडिग है। गौरतलब है कि राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपनी मांगों को लेकर 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा शुरू की थी। यह यात्रा शिमला पहुंची थी, जिसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इसके बाद निदेशालय, स्कूल शिक्षा के बाहर क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ के अनुसार 11 जुलाई से शुरू हुए आंदोलन को अब कुल 135 दिन हो चुके हैं, जबकि क्रमिक अनशन रविवार को 120वें दिन में पहुंच गया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों को पूरा करवाने के लिए उनका संघर्ष शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें