Seven-Storey Bird Shelter Built in Memory of Parents : महेंद्रगढ़। आमतौर पर लोग अपने माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए स्मारकों का निर्माण करवाते हैं, लेकिन अशोक अवार्डी डॉ. सुकेश दीवान ने अपनी मातृ-पितृ भक्ति को बेजुबान पक्षियों के संरक्षण और प्रकृति की सेवा से जोड़कर अनूठी मिसाल पेश की है।
उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता श्री राम दीवान और माता श्रीमती शांति देवी की स्मृति में गांव बुचियावाली में सात मंजिला भव्य पक्षी रैन-बसेरे का निर्माण करवाया है। यह आशियाना हजारों परिंदों के लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस सात मंजिला पक्षी रैन-बसेरे को आगामी 23 नवंबर को विधिवत रूप से पक्षियों को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के सियाराम मलराना चोड़ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विशेष संयोग यह है कि 23 नवंबर को ही डॉ. सुकेश दीवान के पिता राम दीवान की पुण्यतिथि भी है।
इस अवसर पर दिवंगत माता-पिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए श्रद्धांजलि सभा और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। पक्षियों के संरक्षण और जीव दया के प्रति डॉ. सुकेश दीवान की यह पहल पहली नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने महेंद्रगढ़ के मोदाश्रम मंदिर परिसर में सात मंजिला भव्य पक्षी रैन-बसेरे का निर्माण करवाकर उसे परिंदों को समर्पित किया था। अब बुचियावाली में दूसरे सात मंजिला पक्षी आशियाने का निर्माण करवाकर उन्होंने अपनी इस मुहिम को और विस्तार दिया है।
डॉ. दीवान की इस पहल के पीछे पक्षियों के घटते प्राकृतिक आवासों को लेकर गहरी चिंता भी जुड़ी है। आधुनिकता और तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण पेड़ों की संख्या में कमी आ रही है, जिससे पक्षियों के सामने सुरक्षित आश्रय और प्रजनन स्थलों का संकट खड़ा हो रहा है। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित आशियाने तैयार करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बुचियावाली में निर्मित सात मंजिला पक्षी रैन-बसेरा केवल एक इमारत नहीं, बल्कि माता-पिता के प्रति श्रद्धा, पारिवारिक संस्कार और जीव मात्र के प्रति करुणा का प्रतीक है।
डॉ. सुकेश दीवान ने इस पहल के माध्यम से संदेश दिया है कि माता-पिता की सच्ची स्मृति केवल स्मारकों के निर्माण से ही नहीं, बल्कि ऐसे पुण्य कार्यों से भी जीवित रखी जा सकती है, जिनसे प्रकृति और बेजुबान जीवों को लंबे समय तक लाभ मिलता रहे। उनकी यह पहल समाज को जीव दया, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना के लिए प्रेरित करने वाली है।
Also Read :