Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बालों में कलर कराना पड़ा भारी, नाराज पति ने काट दी पत्नी की चोटी; थाने पहुंचा मामला

November 23, 2026

बालों में कलर कराना पड़ा भारी, नाराज पति ने काट दी पत्नी की चोटी; थाने पहुंचा मामला

यूपी: मेरठ में घरेलू विवाद के दौरान एक विवाहिता के साथ मारपीट कर उसकी चोटी काट दी गई और उस पर तेजाब डालने की कोशिश की गई। पीड़िता ने पति रिहान, सास रोशन और दो देवरों साहिल व सोनू पर शक के चलते उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी है। शोर सुनकर पड़ोसियों ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को बचाया।

बालों में कलर कराने पर शुरू हुआ विवाद

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले समर गार्डन निवासी रिहान से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि पति रिहान उस पर अवैध संबंधों का शक करता है और इसी वजह से आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। शनिवार को बालों में कलर कराने की बात पर पति नाराज हो गया। इसके बाद पति रिहान, सास रोशन और देवर साहिल व सोनू ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसकी चोटी काट दी।

तेजाब डालने की कोशिश और जान का खतरा

महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान ससुराल वालों ने उस पर तेजाब डालने की भी कोशिश की और उसे तेजाब डालने की धमकी दी गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी, जिससे समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसकी जान बच सकी। कटी हुई चोटी हाथ में लेकर थाने पहुंची पीड़िता ने कहा कि उसे ससुराल में जान का खतरा है और उसने चारों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि समर गार्डन की रहने वाली एक महिला ने शिकायत की है कि उसका पति रिहान उसके साथ मारपीट करता है और मारपीट कर उसके बाल काट दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़िता की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें