Last Updated: November 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Women’s Emerging Nations: लारा मार्टिज का अर्धशतक, नीदरलैंड को मात देकर फाइनल में आयरलैंड

November 23, 2026

Women’s Emerging Nations: लारा मार्टिज का अर्धशतक, नीदरलैंड को मात देकर फाइनल में आयरलैंड

अजमान: लारा मार्टिज के अर्धशतक की मदद से आयरलैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के ‘सुपर-6’ मुकाबले में 44 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ आयरिश टीम ने फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है, जहां 25 नवंबर को उसका सामना श्रीलंका से होगा।

श्रीलंका ने सभी पांच मैच जीतकर सुपर-6 की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं, आयरलैंड की टीम 5 में से 3 मुकाबले जीतकर दूसरे पायदान पर रही। स्कॉटलैंड, पाकिस्तान, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे की टीमें क्रमश: तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे पर रहीं। अजमान स्थित सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आयरलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों के खेल तक 3 विकेट खोकर 162 रन बनाए।

एमी हंटर ने गैबी लुईस के साथ पहले विकेट के लिए 42 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। गैबी 24 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद एमी हंटर ने लारा मार्टिज के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। हंटर ने 35 गेंदों में 5 चौकों के साथ 46 रन बनाए। टीम को 14वें ओवर की चौथी गेंद पर एमी हंटर के रूप में दूसरा झटका लगा और अगली गेंद पर लुईस लिटिल (0) भी आउट हो गईं।

टीम ने 113 के स्कोर पर तीसरा विकेट भी खो दिया था, जिसके बाद लारा मार्टिज ने एबी हैरिसन के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों में 49 रन जुटाते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मार्टिज 45 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 57 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हैरिसन ने 16 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से सिल्वर सीगर्स ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि कैरोलीन डी लांगे ने 23 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 19.3 ओवरों में सिर्फ 118 रन पर सिमट गई। इस टीम को महज 8 के स्कोर पर सान्या खुराना (1) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद फीबे मोल्केनबोअर ने कप्तान स्टेरे कैलिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की। कैलिस महज 8 रन बनाकर आउट हुईं।

यहां से फ्रेडरिक ओवरडाइक (35) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मोल्केनबोअर (46) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन, जबकि मायर्थे वैन डेन राड के साथ छठे विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया, लेकिन टीम 118 रन से आगे नहीं बढ़ सकीं। विपक्षी खेमे से कारा मरे ने 4 ओवरों में महज 17 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जबकि किआ मैकार्टनी ने 2 विकेट चटकाए। एमी मैगुायर और जारा क्रेग को 1-1 विकेट हाथ लगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें