Last Updated: November 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

तरनतारन में किसान चौपाल में पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसानों से किया सीधा संवाद

November 24, 2026

तरनतारन में किसान चौपाल में पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, किसानों से किया सीधा संवाद

​तरनतारन/ नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब के तरनतारन जिले के ग्राम ‘बूह हवेलियां’ में आयोजित ‘किसान चौपाल’ में शिरकत कर अन्नदाताओं के साथ सीधा संवाद किया। खेतों के बीच किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनते हुए श्री चौहान ने पराली जलाए बिना आधुनिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों और पंचायतों का अभिनंदन किया। उन्होंने दो टूक कहा कि वे कोई बड़ी राजनीतिक सभा करने नहीं, बल्कि एक सेवक के रूप में किसानों के बीच बैठकर उनकी बात समझने आए हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से किसानों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया और मोदी सरकार की किसान हितैषी नीतियों तथा एमएसपी पर रिकॉर्ड खरीद की प्रतिबद्धता को दोहराया।

​किसानों की सेवा ही सतगुरु की सच्ची पूजा

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भावुक और आत्मीय अंदाज में कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है। उन्होंने कहा, “मैं कोई नेता-वेता नहीं हूं, मैं तो किसानों का सेवक हूं। गुरु नानक देव जी ने भी यही संदेश दिया है कि अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करनी चाहिए। मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है और मेरे लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की पूजा है।”

​हरित क्रांति से ‘खेत बचाओ अभियान’ तक का सफर

पंजाब के किसानों के ऐतिहासिक योगदान को नमन करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि जब देश में अन्न का संकट था और बाहर से लाल गेहूं मंगाना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने ही हरित क्रांति लाकर देश के अन्न के भंडार भरे थे। लेकिन आज अत्यधिक रासायनिक खाद, कीटनाशक और पराली जलाने के कारण हमारी धरती माता की सेहत बिगड़ रही है। मित्र कीट और केंचुए खत्म हो रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि अगर हमने आज मिट्टी की उर्वरता नहीं बचाई, तो आने वाली पीढ़ियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने ग्राम बूह हवेलियां और आसपास के किसानों द्वारा पिछले छह सालों से पराली न जलाने और हैप्पी सीडर व डायरेक्ट सीडिंग अपनाने की सराहना करते हुए कहा कि इस गांव ने पूरे देश को ‘खेत बचाओ अभियान’ की नई दिशा दिखाई है।

कृषि मशीनों को लेकर राज्य सरकार को दी नसीहत

संवाद के दौरान प्रगतिशील किसान सरदार सुखविंदर सिंह (किरतोवाल), सरदार जतिंदर सिंह (मुंडा पिंड) और पूर्व सरपंच सरदार गुरनाम सिंह ने पराली प्रबंधन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़े सुझाव रखे। श्री चौहान ने किसानों के सुझावों पर गंभीरता दिखाते हुए उन्हें दिल्ली बुलाकर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया। वहीं, सब्सिडी पर मिलने वाली मशीनों की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भारत सरकार सीआरएम (फसल अवशेष प्रबंधन) के लिए इस वर्ष भी लगभग 286 करोड़ रुपये जैसी बड़ी राशि राज्य सरकार को दे रही है। केंद्र सरकार पैसा देती है, मशीनें खरीदने और गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य शासन की है। राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता की मशीनें मिलें और खराब होने पर उनकी मरम्मत की पुख्ता व्यवस्था हो।

फसल बीमा योजना और विविधीकरण पर जोर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए उत्पादन बढ़ाने, लागत घटाने और फसलों के विविधीकरण (डायवर्सिफिकेशन) के साथ पशुपालन, मछली पालन व मुर्गी पालन जैसी एकीकृत खेती (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) को अपनाना होगा। उन्होंने दुःख जताया कि पंजाब में अभी तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के समय भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसे लागू करने का आग्रह किया था ताकि प्राकृतिक आपदा में किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके।

​ पंजाब में गठबंधन से प्रगति और विकास का नया मार्ग खुलेगा

कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजनीतिक सवालों के जवाब में कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों की सरकारें देख ली हैं। अब दो भाइयों (भाजपा और शिरोमणि अकाली दल) के फिर से साथ आने (गठबंधन) से पंजाब की प्रगति और विकास का नया मार्ग खुलेगा और जनता इसे अपना आशीर्वाद देगी।

किसानों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि धान और गेहूं की एमएसपी पर पूरी खरीद केंद्र सरकार ही करती है। इसके अलावा दलहन (तुअर, मसूर, उड़द) की 100 प्रतिशत खरीद और कपास की एमएसपी पर खरीद मोदी सरकार की गारंटी है। पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की तुलना में मोदी सरकार ने कई गुना अधिक खरीद की है और यह आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें