शिमला। राजधानी शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) एवं अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी करवाना अब मरीजों के लिए महंगा हो गया है। अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी के लिए निर्धारित यूजर चार्ज में बढ़ोतरी कर दी गई है। रोगी कल्याण समिति (आरकेएस), आईजीएमसी एवं अस्पताल शिमला की ओर से 21 नवंबर को जारी नए कार्यालय आदेश के तहत रोबोटिक सर्जरी की दरों में तत्काल प्रभाव से संशोधन किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को रोबोटिक सर्जरी के लिए अब 60 हजार रुपये चुकाने होंगे। इससे पहले यह शुल्क 30 हजार रुपये निर्धारित था। इसी तरह प्राइवेट वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए रोबोटिक सर्जरी का शुल्क 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दिया गया है। यानी जनरल वार्ड के मरीजों के लिए शुल्क दोगुना और प्राइवेट वार्ड के मरीजों के लिए 30 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

यह संशोधन 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित रोगी कल्याण समिति की कार्यकारी समिति की बैठक में एजेंडा आइटम नंबर तीन के तहत मिली मंजूरी के बाद किया गया है। यह आदेश 10 अप्रैल 2026 को जारी पूर्व कार्यालय आदेश में आंशिक संशोधन के रूप में लागू किया गया है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और रोबोटिक सर्जरी की ये दरें सभी श्रेणी के मरीजों पर लागू रहेंगी।
इसके अलावा अस्पताल प्रशासन ने एक्स-रे की दरों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 31 दिसंबर 2020 के कार्यालय पत्र के तहत निर्धारित एक्स-रे यूजर चार्ज को भी तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाएगा।
इस संबंध में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं आरकेएस के सदस्य सचिव की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया है। इस फैसले के बाद आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी करवाने वाले मरीजों को पहले के मुकाबले अधिक शुल्क देना होगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)