Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा तस्करी से बनाई ₹1.38 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज, रामपुर चिट्टा मामले में शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

November 25, 2026

नशा तस्करी से बनाई ₹1.38 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज, रामपुर चिट्टा मामले में शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही शिमला पुलिस ने अब नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रामपुर में दर्ज एक एनडीपीएस मामले में पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित 1.38 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल संपत्तियों को फ्रीज और सीज किया है। इन संपत्तियों में कमर्शियल वाहन, कारें और महंगे मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी के जरिए बनाई गई संपत्तियों पर सीधा प्रहार हुआ है।

पुलिस थाना रामपुर में अभियोग संख्या 30/2025, दिनांक 4 मार्च 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 27ए और 29 तथा बीएनएस की धारा 111 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की शुरुआत 3 मार्च 2025 को हुई थी। पुलिस टीम ने कुढीधार क्रशर, रामपुर के समीप गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन में सवार करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से करीब 27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी।

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले। इस दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आए वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के आधार पर पुलिस ने वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के अध्याय वी-ए के तहत वित्तीय अन्वेषण शुरू किया।

इस जांच के दौरान आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों के बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन, आयकर रिटर्न, राजस्व रिकॉर्ड और परिवहन विभाग के दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसमें छह आरोपियों और छह सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर संपत्तियां चिन्हित की गईं। इनमें Ecomet Truck, Eicher Tipper के अलावा Hyundai Venue, Toyota Glanza, Hyundai i20, Maruti Suzuki Swift, Bolero Camper, Ignis, Celerio, Suzuki Eeco सहित अन्य वाहन और दो Apple iPhone शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 1.38 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है।

डेढ़ करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेन-देन मिले

वित्तीय जांच में आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में यूपीआई सहित अन्य बैंकिंग माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन सामने आए। जांच में संबंधित व्यक्तियों की इन संपत्तियों को खरीदने के लिए पर्याप्त ज्ञात एवं वैध आय का स्रोत भी सामने नहीं आया। उपलब्ध वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इन संपत्तियों को प्रथम दृष्टया नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदा हुआ पाया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई और 68एफ(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज और सीज करने की कार्रवाई की गई।

2026 में 14 करोड़ से अधिक की संपत्तियां फ्रीज

शिमला पुलिस अब नशा तस्करों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी से अर्जित अवैध धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की भी पहचान कर रही है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस मामलों के आरोपियों और उनके सहयोगियों की 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां फ्रीज और सीज की जा चुकी हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार की आर्थिक कमर तोड़ना और इससे जुड़े नेटवर्क को कमजोर करना है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें