Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर रखे सीमेंट के भारी पिलर

November 25, 2026

पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर रखे सीमेंट के भारी पिलर

Punjab News: फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश का मामला सामने आया है। रेलवे ट्रैक पर सीमेंट के भारी पिलर रखे गए थे, जिससे बड़ा रेल हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि समय रहते एक ट्रेन के गार्ड की नजर इन पिलरों पर पड़ गई और रेलवे अधिकारियों को सूचना दे दी गई। इसके बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आधी रात को ट्रैक पर दिखे सीमेंट के पिलर

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि करीब 12:19 बजे दिल्ली से जम्मू जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के गार्ड ने समानांतर रेलवे लाइन पर सीमेंट के भारी पिलर रखे देखे।

गार्ड ने बिना देरी किए स्टेशन सुपरिंटेंडेंट को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रेलवे कर्मचारियों ने अवरोध हटवाकर रेल यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित की।

CCTV फुटेज में दिखाई दिया संदिग्ध व्यक्ति

मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें रात करीब 12:17 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति रेल लाइन के पास टॉर्च की रोशनी में कुछ देखता हुआ नजर आया। यह समय संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गुजरने से ठीक दो मिनट पहले का बताया जा रहा है।

पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

GRP ने दर्ज किया केस, सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय

घटना की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी के एआईजी और रेलवे सीआईए की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की बात कही है।

जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि रेलवे ट्रैक पर पिलर किसने रखे और इसके पीछे क्या मकसद था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें