शिमला/चंडीगढ़: संविधान दिवस के अवसर पर नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर. एस. बाली ने आज राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प को दोहराते हुए हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ में आयोजित ‘संविधान रक्षा मार्च’ के कार्यक्रमों में भागीदारी की।
आर. एस. बाली ने सर्वप्रथम हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नेतृत्व में शिमला के चौड़ा मैदान स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक आयोजित ‘संविधान रक्षा मार्च’ में हिस्सा लिया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती का संकल्प लिया। साथ ही, उपस्थित जनसमूह को संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
शिमला में आयोजित इस मार्च में उमड़ी जनभागीदारी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हिमाचल की जनता की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए आर. एस. बाली ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता और प्रत्येक नागरिक की गरिमा का आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संवैधानिक व्यवस्था ने प्रत्येक भारतीय को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है। इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक और लोकतांत्रिक दायित्व है।
शिमला में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत आर. एस. बाली हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ की कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ हेलीकॉप्टर के माध्यम से चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘संविधान रक्षा मार्च’ में सहभागिता की। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने आर.एस. बाली बाली को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत चंडीगढ़ के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास और उनके संगठनात्मक अनुभव का परिचायक है। इस जिम्मेदारी के तहत उन्होंने अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया।
चंडीगढ़ में अभियान के तहत अपनी भूमिका निभाते हुए आर. एस. बाली ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के मताधिकार में निहित है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना तथा उसे बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ लोकतंत्र की बुनियादी भावना और नागरिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। मतदाता सूचियों की पारदर्शिता, पात्र मतदाताओं के अधिकारों का संरक्षण और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना सशक्त लोकतंत्र की अनिवार्य शर्तें हैं।
आर. एस. बाली ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आज देश को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है, जो सत्ता से ऊपर संविधान, व्यक्तिगत हितों से ऊपर लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक स्वार्थों से ऊपर जनता के अधिकारों को प्राथमिकता दे।
आर. एस. बाली ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाए गए मार्ग और भारतीय संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं सामाजिक न्याय के मूल सिद्धांत हमारे लोकतंत्र की आधारशिला हैं। संविधान की वास्तविक रक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक हो और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए। आर. एस. बाली ने कहा कि जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के इस संकल्प को गांव, पंचायत, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
📍 Location: शिमला (शिमला)