Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

निजी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य, तीन माह के भीतर करें आवेदन

November 27, 2026

निजी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य, तीन माह के भीतर करें आवेदन

मंडी: उपायुक्त मंडी के निर्देशों तथा प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित हिमाचल प्रदेश निजी कोचिंग केंद्र (पंजीकरण एवं विनियमन) नियम, 2026 के तहत जिले में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को निर्धारित अवधि के भीतर अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा।

उप निदेशक उच्च शिक्षा (माध्यमिक), मंडी यशवीर कुमार ने बताया कि शिक्षा सचिव की ओर से हिमाचल प्रदेश कोचिंग सेंटर (पंजीकरण एवं विनियमन) प्राधिकरण तथा जिला स्तर पर गठित समिति को नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला समिति निजी कोचिंग केंद्रों के पंजीकरण, पंजीकरण प्रमाण पत्र के नवीनीकरण एवं नवीनीकरण से संबंधित अन्य मामलों का निपटारा करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को इस बारे में पत्र के जारी होने की तिथि से तीन माह के भीतर नियम 7 एवं 8 के अनुसार प्रपत्र-ए पर पंजीकरण के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण की वैधता अवधि तीन वर्ष होगी, जो नियमों के अनुसार निरस्त अथवा रद्द किए जाने तक प्रभावी रहेगी। यदि किसी कोचिंग संस्थान की एक से अधिक शाखाएं हैं, तो प्रत्येक शाखा को पृथक कोचिंग केंद्र माना जाएगा तथा प्रत्येक शाखा के लिए अलग पंजीकरण आवश्यक होगा। पंजीकृत कोचिंग केंद्रों को पंजीकरण अवधि समाप्त होने से पूर्व प्रपत्र-सी में नवीनीकरण के लिए आवेदन करना होगा तथा निर्धारित नवीनीकरण शुल्क जमा करना होगा।

उप निदेशक ने सभी निजी कोचिंग संस्थानों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि इसके उल्लंघन अथवा निर्धारित अवधि में पंजीकरण न करवाने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें