Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mayawati का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कहा- सपा का ‘जन-मन मेनिफेस्टो’ खोखला और हवा-हवाई

November 27, 2026

Mayawati का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कहा- सपा का ‘जन-मन मेनिफेस्टो’ खोखला और हवा-हवाई

Mayawati: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा जारी चुनावी घोषणा-पत्र पर निशाना साधते हुए इसे पीडीए की तरह ही कोरा हवा-हवाई करार दिया है। उन्होंने कहा कि सपा का ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ उसकी कथित पीडीए की राजनीति की तरह खोखला है और ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने सपा पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों की अनदेखी करने तथा धन्नासेठों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।

मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी द्वारा ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से जारी किया गया उसका ‘प्रण-पत्र’ कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवा-हवाई है तथा ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला है।

उन्होंने कहा कि वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जगजाहिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक रहा है। इसका एक ताजा उदाहरण उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए हाल ही में हुए द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश की अपार गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं क्या कभी दूर हो पाएंगी? कभी नहीं।

धन-मन वादी है घोषणापत्र
बसपा प्रमुख ने कहा कि इन बातों से यह भी साबित होता है कि सपा का ‘जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज के अच्छे लोगों के बजाय पार्टी ऐसे ही धनी और बाहुबलियों को चुनाव मैदान में उतारेगी, जो देश, समाज और जनहित की चिंता कम तथा अपने निजी लाभ और स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं। मायावती ने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ तथा ‘कानून द्वारा कानून का राज’ विशुद्ध रूप से बसपा की नीति और सिद्धांत हैं। जिस सर्वसमाज और सर्वजन-हितैषी एजेंडे पर बसपा की उत्तर प्रदेश में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीरजादा मोहम्मद सईद का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

 

घोषणाएं चुनावी छल और छलावा है वादे
उन्होंने कहा कि यह विरोधी पार्टियों, खासकर सपा, कांग्रेस और भाजपा के बूते की बात नहीं है। यह सभी जानते और मानते हैं। उन्होंने कहा कि सपा के दामन पर खासकर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैये तथा उत्तर प्रदेश को जातिवादी द्वेष और दंगों से युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित और जनकल्याण के अहम मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पाएगी। कुल मिलाकर सपा की बातें, वादे, दावे और घोषणाएं चुनावी छल और छलावा हैं। उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील की।

अखिलेश यादव ने प्रण-पत्र किया जारी
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी ‘प्रण-पत्र’ जारी किया। इसमें युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता, सरकारी नौकरियां और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है। इसके साथ ही किसानों की कर्जमाफी, फसलों पर कानूनी एमएसपी, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप और ग्रामीण विकास के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने जैसे प्रमुख वादे किए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें