Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं’, डिलिमिटेशन बिल पर एमके स्टालिन ने रखीं दो शर्तें

November 27, 2026

‘तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं’, डिलिमिटेशन बिल पर एमके स्टालिन ने रखीं दो शर्तें

चेन्नई: द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। संसद में बिल को समर्थन दिए जाने की अटकलों के बीच स्टालिन ने कहा है कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कभी कोई समझौता नहीं करेगी। साथ ही, उन्होंने दो शर्तें भी सामने रखी हैं।

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत में परिसीमन के खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पहली पार्टी डीएमके थी। चेन्नई में ही पहली बार देश भर के राजनीतिक नेता एक साथ आए और निष्पक्ष परिसीमन की मांग की।”

एमके स्टालिन ने रखीं दो शर्तें

उन्होंने अपनी दो शर्तें रखते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “तमिलनाडु विधानसभा की ओर से पारित प्रस्ताव और ‘निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति’ की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप हम दो स्पष्ट मांगें रखते हैं। पहली यह कि अगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी स्थिति में निचले सदन (लोकसभा) में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए।

दूसरी यह कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय किया गया था और जिसे पहले ‘फ्रीज’ कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक और ‘फ्रीज’ रखा जाना चाहिए।”

एमके स्टालिन ने यह भी स्पष्ट किया कि डीएमके इन दो मांगों पर पूरी तरह अडिग है और आगे भी रहेगी। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता।” इसी बीच, डीएमके प्रमुख ने पूर्व सहयोगी कांग्रेस पार्टी पर इशारों-इशारों में तीखा प्रहार किया।

तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं करेंगे

स्टालिन ने पोस्ट में लिखा, “मीडिया में चल रही अटकलें या पीठ पीछे वार करने वालों की फुसफुसाहटें, हमारे रुख को किसी भी तरह से डिगा नहीं सकतीं। सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को त्यागने वाले उन बेशर्म और एहसान-फरामोश लोगों को यह बात समझ लेनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कभी कोई समझौता नहीं करेगी और न ही वह अपने सिद्धांतों से कभी पीछे हटेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें