नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयक को मंजूरी मिलने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार अगले सप्ताह होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है। सरकार का उद्देश्य महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना और परिसीमन के दौरान सभी राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ी चिंताओं को दूर करना है।
कैबिनेट की यह बैठक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में हुई। बैठक में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी फैसला लिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस बदलाव को 2051 तक लागू रखने की योजना बताई जा रही है।
दरअसल, केंद्र सरकार परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के प्रतिनिधित्व में किसी तरह का असंतुलन नहीं चाहती। इसी वजह से सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव के पीछे एक अहम वजह दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता भी है। इन राज्यों का कहना रहा है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम किया है, लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
ऐसे में सरकार एक ऐसे फॉर्मूले पर काम कर रही है, जिससे लोकसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात बना रहे। इसके लिए 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को बरकरार रखने के विकल्प पर भी विचार किया गया है।
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। हालांकि, इस आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया परिसीमन से जुड़ी हुई है। सरकार अब इस कानून में कुछ बदलाव करना चाहती है, ताकि महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता आसान बनाया जा सके। इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था। इस विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव रखा गया था।हालांकि, लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो पाया था। अब सरकार नए बदलावों के साथ दोबारा विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। इस दिन लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, सरकारी कामकाज के लिए बुलाया गया यह विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस दौरान महिला आरक्षण, परिसीमन और अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा हो सकती है। सरकार की कोशिश है कि महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़ी कानूनी और संवैधानिक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए। वहीं, लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के जरिए राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर उठ रही चिंताओं का समाधान भी किया जा सके।