जिला मजिस्ट्रेट-कम-जिला चुनाव अधिकारी सागर सेतिया ने राज्य चुनाव आयोग, पंजाब की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार यह आदेश जारी किया है। इस फैसले का उद्देश्य संबंधित चुनाव क्षेत्रों के मतदाताओं को बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर प्रदान करना है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि यह छुट्टी बाघापुराना और धर्मकोट नगर कौंसिल के चुनाव क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सरकारी, अर्धसरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों, बोर्डों, निगमों, बैंकों, दुकानों, फैक्ट्रियों तथा व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले उन सभी कर्मचारियों और कामगारों पर लागू होगी, जो संबंधित चुनाव क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाता हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और प्रत्येक योग्य मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत यह विशेष सुविधा प्रदान की गई है, ताकि नौकरीपेशा लोगों को मतदान करने के लिए अपने कार्यस्थल से छुट्टी लेने या किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 28 नवंबर को घोषित छुट्टी के दिन किसी भी कर्मचारी या कामगार के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।
यदि कोई कर्मचारी ऐसे वेतन या मजदूरी के आधार पर कार्य करता है, जिसके तहत उसे सामान्य परिस्थितियों में उस दिन का वेतन नहीं मिलना था, तो भी उसे छुट्टी वाले दिन की पूरी दिहाड़ी या मजदूरी देना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि यह आदेश जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135, पंजाब शॉप्स एंड कमर्शियल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट, 1958 तथा नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 की धारा 25 के तहत जारी कानूनी प्रावधानों के अनुसार लागू किए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बाघापुराना और धर्मकोट के योग्य मतदाताओं से अपील की कि वे 28 नवंबर को अपने मताधिकार का अवश्य इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है।
मतदाताओं को बिना किसी दबाव या परेशानी के मतदान करना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।