बठिंडा : शहर के माल रोड स्थित छह मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग को नगर निगम ने शुक्रवार को सील कर दिया। ठेकेदार की ओर से करीब 14 महीने तक किराये की किस्तें जमा नहीं करवाने के बावजूद पार्किंग का संचालन जारी था। निगम की रिपोर्ट के अनुसार ठेकेदार पर कुल 97.79 लाख रूपए की बकाया राशि है।
तहबाजारी एवं एडवर्टाइजमेंट शाखा के सुपरिंटेंडैंट कुलविंदर सिंह ने बताया कि नगर निगम के जनरल हाऊस ने 2 नवंबर को हुई बैठक में ठेका रद्द करने और ठेकेदार की 17.42 लाख रुपए की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव पास किया था। स्थानीय निकाय विभाग से मंजूरी मिलने के बाद पार्किंग सील की गई है। अब बकाया राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
5 साल के ठेके में 7 किस्तें नहीं भरीं
नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक पार्किंग का ठेका गुरमेल सिंह विर्क को 21 जून 2023 से 20 जून 2028 तक 5 साल के लिए दिया गया था। ठेके की सालाना बोली करीब 69.98 लाख रुपए प्लस जीएसटी और टीसीएस थी। ठेकेदार ने अगस्त 2025 से अक्तूबर 2026 तक की 7 किस्तें जमा नहीं करवाईं। प्रत्येक किस्त की कुल राशि 13.97 लाख रुपए थी। इस तरह मूल रकम, जीएसटी और टीसीएस मिलाकर बकाया 97,79,588 रुपए हो गया।