Men’s Asia Cup Rising Stars: एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल-2 में पाकिस्तान-ए ने बांग्लादेश-ए को 5 विकेट से मात दी। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले को जीतकर पाकिस्तानी टीम ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। रविवार को फाइनल में पाकिस्तान-ए का सामना श्रीलंका-ए से होगा।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए। इस टीम ने महज 15 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शहादत हुसैन ने मोर्चा संभाला।
हुसैन ने महिदुल इस्लाम अंकोन के साथ तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अंकोन 78 गेंदों में 4 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि 118 के स्कोर तक 5 खिलाड़ी पवेलियन लौट गए।
शहादत हुसैन की शतकीय पारी
यहां से शहादत हुसैन ने एसएम मेहेरोब (28) के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की, जबकि रकीबुल हसन (10) के साथ सातवें विकेट के लिए 22 रन जोड़े। इसके बाद हुसैन ने रिपोन मोंडोल (नाबाद 19) के साथ आठवें विकेट के लिए 25 गेंदों में 40 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। शहादत हुसैन 118 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों के साथ 103 रन बनाकर नाबाद रहे।
45 ओवरों में दर्ज की जीत
विपक्षी खेमे से सुफियान मुकीम ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि अली रजा और हसन नवाज को 2-2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, अहमद दानियाल ने 1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में पाकिस्तान-ए ने 45.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तानी टीम ने 21 रन तक अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शाहजैब खान ने हसन नवाज के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 110 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 131 के स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान का प्रदर्शन
हसन नवाज 3 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद शाहजैब खान भी अपना विकेट गंवा बैठे, जिन्होंने 85 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 50 रन की पारी खेली।
पाकिस्तानी टीम को 150 के स्कोर पर चौथा झटका लग गया था। यहां से कप्तान अब्दुल समद ने फरहान यूसुफ के साथ पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों में 74 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। अब्दुल समद 33 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फरहान ने 39 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ नाबाद 46 रन बनाए।
बांग्लादेशी खेमे से रिपोन मोंडोल और रकीबुल हसन ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि रुबेल ने एक विकेट हासिल किया।