Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal : 2027 विधानसभा घेराव की तैयारी में जुटेगी विद्यार्थी परिषद, जिला बैठक में बनी रणनीति

November 29, 2026

Himachal : 2027 विधानसभा घेराव की तैयारी में जुटेगी विद्यार्थी परिषद, जिला बैठक में बनी रणनीति
ABVP Kullu Reviews Activities, Plans Upcoming Programmes : कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ज़िला कुल्लू द्वारा आज ज़िला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के पिछले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी समय में होने वाले संगठनात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में सर्वप्रथम गत दिनों में संपन्न हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें युवती सम्मेलन, नगर एवं महाविद्यालय इकाइयों के कार्यकारिणी गठन, स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं उसके परिणाम, 12 नवंबर को सुनील उपाध्याय जी की पुण्यतिथि, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस तथा 19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई जयंती के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही व्यावसायिक सदस्यता, विभाग अभ्यास वर्ग तथा विभिन्न आयामों के कार्यों एवं गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। बैठक के दूसरे सत्र में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं कार्ययोजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

इसमें मिशन साहसी, 6 दिसंबर के कार्यक्रम, 12 जनवरी राष्ट्रीय युवा दिवस, वस्त्र बैंक, युवा पखवाड़ा, नगर खेल कुंभ तथा फरवरी-मार्च में प्रस्तावित छात्र उद्घोष सदस्यता अभियान को लेकर योजना बनाई गई। इसके अतिरिक्त ज़िला एवं विभाग कार्यालय की व्यवस्था, कोष व्यवस्था, कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी, सामान्य ज्ञान परीक्षा के जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह तथा छात्रा कार्य एवं जनजातीय कार्य की अलग-अलग बैठकों के आयोजन पर चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2027 में शिमला में प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर भी आगामी रणनीति एवं संगठनात्मक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।

सभी इकाइयों को संगठन के कार्यों को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में ज़िला कुल्लू के सभी महाविद्यालयों एवं नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।इसमें कुल्लू इकाई अध्यक्ष सुभाष ठाकुर,इकाई मंत्री अरमान ठाकुर,मनाली (हरिपुर) इकाई मंत्री अंकुश ठाकुर,बंजार इकाई अध्यक्ष देवराज,सैंज इकाई अध्यक्ष उर्मिला रघुवंशी,SFS ज़िला प्रमुख निशांत वैद्य,SFS ज़िला संयोजिका दीपिका शर्मा,कुल्लू नगर मंत्री कृष नेगी, ज़िला कुल्लू मीडिया सह-संयोजिका ख़ुशी ठाकुर उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करना, आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी योजना बनाना तथा विद्यार्थी परिषद् के कार्यों को ज़िले के प्रत्येक शिक्षण संस्थान एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाना रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें