Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूक्रेन पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले तेज, ओडेसा में अपार्टमेंट पर ड्रोन गिरने से महिला की मौत; एक हफ्ते में 1,960 से ज्यादा ड्रोन अटैक

November 29, 2026

यूक्रेन पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमले तेज, ओडेसा में अपार्टमेंट पर ड्रोन गिरने से महिला की मौत; एक हफ्ते में 1,960 से ज्यादा ड्रोन अटैक

इंटरनेशनल डेस्क। यूक्रेन में रूसी सेना के हमले लगातार जारी हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया क‍ि शन‍िवार रात ओडेसा में रूसी ड्रोन ने एक अपार्टमेंट इमारत पर हमला किया। इस हमले में एक मह‍िला की मौत हो गई।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हमले की जानकारी देते हुए बताया कि इस हफ्ते रूस ने यूक्रेन पर 1960 से ज्यादा अटैक ड्रोन, 1600 से अधिक गाइडेड एरियल बम और आठ मिसाइलें दागीं। रूसी सेना आने वाली सर्दियों का फायदा उठाकर ऊर्जा क्षेत्र और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।

हमलों के दौरान विन्नित्सिया, किरोवोग्राद, रिव्ने, खार्किव और ओडेसा क्षेत्रों में स्थित बिजली सबस्टेशनों को निशाना बनाया गया। दुर्भाग्य से कई हमले रिहायशी इमारतों पर भी हुए। जेलेंस्‍की ने बताया क‍ि शन‍िवार रात ओडेसा में एक रूसी ड्रोन एक अपार्टमेंट बिल्डिंग से टकरा गया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई।

जापोरिजिया में रातभर खोज और बचाव अभियान जारी रहा। यहां रूसी हवाई बम रिहायशी इमारतों के बीच गिराए गए। आसपास कोई सैन्य ठिकाना मौजूद नहीं था। इस हमले में पांच लोग घायल हुए, जिनमें 14 साल की एक लड़की भी शामिल थी। राज्य आपातकालीन सेवा की टीम ने उसे मलबे से सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दुख की बात यह है कि इस हमले में उसकी मां की जान चली गई।

राष्ट्रपति ने कहा क‍ि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इन हमलों के बाद राहत और मरम्मत का काम करने वाली सभी टीमों और सेवाओं का धन्यवाद। यह बेहद जरूरी है कि प्रभावित लोगों तक समय पर मदद पहुंचे।

उन्‍होंने कहा क‍ि मैं यूक्रेन के आसमान की रक्षा कर रहे सभी सैनिकों का भी आभार व्यक्त करता हूं। हम हर दिन और अधिक अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल करने के लिए काम कर रहे हैं। अतिरिक्त वित्तीय और रक्षा सहायता पैकेज, खासकर वायु रक्षा को मजबूत करने के लिए कई लोगों की जान बचाने में मदद करते हैं। यूक्रेन की सहायता करने वाले और हर तरह का सहयोग देने वाले सभी लोगों का मैं दिल से धन्यवाद करता हूं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें