Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Madhya Pradesh Accident : उमरिया में भिड़े 2 ट्रक, 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

February 6, 2025

Madhya Pradesh Accident : उमरिया में भिड़े 2 ट्रक, 3 महिलाओं समेत 4 की मौत

Madhya Pradesh Accident : मध्य प्रदेश के उमरिया में गुरुवार सुबह दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हुई है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 43 का है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह साढ़े सात बजे के आसपास हुआ। शहडोल की तरफ से आ रहे ट्रक की उमरिया की तरफ जा रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। दोनों ट्रकों में सवार चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान 17 वर्षीय युवती जीवित बची थी और उसने बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन घटना के दो घंटे तक 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची और इसके कारण उसकी भी मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया।

घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को ट्रकों से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतकों में एक महिला की शिनाख्त पार्वती बाई निवासी ग्राम बुड़ना के रूप में हुई है। जबकि बाकी मृतकों एवं घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पाली के टीआई मदन लाल मराबी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। गंभीर रूप से घायल हुए दोनों लोगों को जिला अस्पताल उमरिया रेफर कर दिया गया है। बता दें कि इस हादसे के कारण एनएच 43 पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस के आने के बाद हादसे का शिकार हुए ट्रकों को रास्ते से हटाया गया, जिसके बाद ही जाम खुल पाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें