Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Maha Kumbh 2025 : स्नान कर वाराणसी जा रहे स्कूटी सवार 3 लोगों को कार ने रौंदा, दादा-पोता की मौत

February 21, 2025

Maha Kumbh 2025 : स्नान कर वाराणसी जा रहे स्कूटी सवार 3 लोगों को कार ने रौंदा, दादा-पोता की मौत

Maha Kumbh 2025 : भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को महाकुंभ में स्नान के बाद काशी विश्वनाथ का दर्शन करने वाराणसी जा रहे स्कूटी सवार तीन लोगों को तेज गति से गुजर रही कार (स्कॉर्पियो) ने पीछे से रौंद दिया जिससे एक व्यक्ति और उसके पोते की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। ऊंज थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रमाकांत यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर जिले के ऊंज थाना क्षेत्र में जंगीगंज ओवरब्रिज पर तेज गति से गुजर रही स्कॉर्पियो कार ने स्कूटी सवारों को रौंद दिया और इसके बाद चालक वाहन के साथ भाग गया।

कार की तलाश जारी

यादव ने बताया कि इस हादसे में प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के निवासी सचिन पासी (25) और उसके दादा सीताराम पासी (70) की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसी गांव के मुन्ना तिवारी (58) घायल हो गये। घायल तिवारी को यहां अस्पताल से वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। तीनों एक स्कूटी पर सवार होकर काशी विश्वनाथ जा रहे थे, लेकिन जंगीगंज ओवर ब्रिज पर स्कॉर्पियो कार ने पहले पीछे से स्कूटी को टक्कर मारी जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े, इसके बाद कार सवार तीनों को रौंदते हुए भाग गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें