Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Thane Accident : ठाणे में ट्रक पलटा, तेल रिसाव से यातायात बाधित

February 5, 2025

Thane Accident : ठाणे में ट्रक पलटा, तेल रिसाव से यातायात बाधित

Thane Accident : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार सुबह औद्योगिक तेल के बैरल ले जा रहा एक ट्रक पलट गया जिससे राजमार्ग पर तेल फैल जाने से कुछ घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि मुंब्रा इलाके के कौसा में एक अस्पताल के पास सुबह 8.07 बजे हुई इस दुर्घटना में ट्रक चालक और 17 वर्षीय सहायक सुरक्षित बच गए। इक्कीस टन कटिंग तेल (धातु काटने के दौरान औजारों को चिकना करने और ठंडा करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है) के बैरल लादकर ट्रक, पड़ोसी पालघर जिले के वसई से बेंगलुरु जाने के क्रम में चालक के नियंत्रण खो देने से यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने कहा कि परिणामस्वरूप, ट्रक पलटने से उसमें रखे कई बैरल टूट गए और तेल सड़क के 200 मीटर हिस्से में फैल गया।

सावधानी बरतने का किया है आग्रह

शहर की यातायात पुलिस, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ताडवी ने बताया कि तेल के रिसाव को रोकने और यात्रियों के लिए संभावित जोखिम को कम करने के लिए तेल के ऊपर मिट्टी डाली गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के कारण ठाणे को शिलफाटा से जोड़ने वाले राजमार्ग पर यातायात जाम होने से करीब तीन घंटे तक एक लेन पर आवाजाही बाधित रही। उन्होंने बताया कि बाद में सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पलटे हुए ट्रक से बैरल को वाहन मालिक और संबंधित कंपनी द्वारा उचित प्रक्रिया के बाद निकाला जाएगा। पुलिस ने भारी वाहन चालकों से भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने का आग्रह किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें