Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में पाए जाने वाले सबसे जहरीले 5 सांप, काट लें तो मौत तय

February 17, 2026

भारत में पाए जाने वाले सबसे जहरीले 5 सांप, काट लें तो मौत तय

भारत में सांपों की सैकड़ों प्रजातियां पाई जाती हैं लेकिन इनमें से कुछ बेहद ज़हरीली होती हैं। हर साल देश में हजारों लोग सांप के काटने की घटनाओं का शिकार होते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से अधिकांश मामलों में जान बचाई जा सकती है। हम आपको बताएंगे भारत में पाए जाने वाले पांच सबसे ज़हरीले सांपों के बारे में जिन्हें चिकित्सा जगत में विशेष रूप से खतरनाक माना जाता है।

इंडियन कोबरा (Indian Cobra)
इंडियन कोबरा भारत के सबसे पहचाने जाने वाले सांपों में से एक है। इसके फन पर चश्मे जैसा निशान होता है। इसका ज़हर न्यूरोटॉक्सिक होता है जो सीधे तंत्रिका तंत्र यानि की Nervous System पर असर डालता है। इसके काटने के बाद सांस लेने में दिक्कत, धुंधला दिखना और लकवे जैसे लक्षण हो सकते हैं। समय पर एंटी-वेनम मिलने से ही जान बचाई जा सकती है।

कॉमन क्रेट (Common Krait)
कॉमन क्रेट को भारत के सबसे घातक सांपों में गिना जाता है। यह रात में ज्यादा सक्रिय होता है और अक्सर घरों के आसपास पाया जाता है।
इसका ज़हर भी न्यूरोटॉक्सिक होता है। कई बार इसके काटने का दर्द तुरंत महसूस नहीं होता जिससे पीड़ित को खतरे का अंदाजा देर से होता है। इसके काटने पर इलाज में देरी जानलेवा हो सकती है।

रसेल वाइपर (Russell’s Viper)
रसेल वाइपर -भारत में सांप काटने से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में से एक है। इसका ज़हर हेमोटॉक्सिक होता है जो खून को प्रभावित करता है और आंतरिक रक्तस्राव का कारण बन सकता है। रसेल वाइपर के काटने के बाद सूजन, तेज दर्द और ब्लीडिंग के लक्षण दिखाई देते हैं। ग्रामीण इलाकों में यह ज्यादा पाया जाता है।

सॉ-स्केल्ड वाइपर (Saw-scaled Viper)
सॉ-स्केल्ड वाइपर आकार में छोटा होता है लेकिन बेहद आक्रामक माना जाता है। इसका खतरा महसूस होने पर यह अपने शरीर को रगड़कर आवाज करता है। इसका ज़हर भी खून को प्रभावित करता है और गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। भारत के शुष्क और अर्ध-शुष्क क्षेत्रों में यह अधिक पाया जाता है।

किंग कोबरा (King Cobra)
किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा ज़हरीला सांप माना जाता है। यह मुख्य रूप से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में पाया जाता है। इसका ज़हर न्यूरोटॉक्सिक होता है और बड़ी मात्रा में इंजेक्ट किया जा सकता है। हालांकि यह आमतौर पर इंसानों से दूरी बनाकर रखता है और उकसाने पर ही हमला करता है।

भारत में सांपों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं लेकिन सभी सांप ज़हरीले नहीं होते। सांप के काटने पर समय पर इलाज और सही जानकारी से कई जानें बचाई जा सकती हैं। विशेषज्ञों का भी कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सांप काटने से होने वाली मौतों को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें