अजब-गजब: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की ने सिर्फ 250 मीटर की दूरी तय करने के लिए रैपिडो बाइक राइड बुक की। आमतौर पर इतनी छोटी दूरी के लिए लोग पैदल ही चले जाते हैं, इसलिए जब ड्राइवर को यह पता चला तो वह भी हैरान रह गया।
वीडियो में दिखता है कि देर रात एक सुनसान सड़क पर एक लड़की खड़ी होती है। तभी रैपिडो ड्राइवर वहां पहुंचता है और कन्फर्म करता है कि क्या उसने ही राइड बुक की है। लड़की हां कहती है। ड्राइवर फिर बताता है कि उसे पिकअप के लिए करीब 4 किलोमीटर दूर से आना पड़ा, लेकिन ड्रॉप लोकेशन सिर्फ 250 मीटर दूर है। उसे लगता है कि शायद लोकेशन में गलती हुई है।
लेकिन लड़की कहती है कि लोकेशन बिल्कुल सही है। यह सुनकर ड्राइवर पूछता है कि इतनी छोटी दूरी के लिए राइड क्यों बुक की? तब लड़की जो वजह बताती है, उसे सुनकर ड्राइवर भी चौंक जाता है। लड़की बताती है कि उसके घर के रास्ते में अक्सर 3-4 लड़के खड़े रहते हैं, जो शराब पीते और सिगरेट पीते नजर आते हैं। ऐसे में उसे वहां से अकेले पैदल गुजरने में डर लगता है। इसलिए वह रोज इस छोटी दूरी के लिए भी बाइक राइड बुक करती है, ताकि सुरक्षित घर पहुंच सके।
View this post on Instagram
इसके बाद ड्राइवर लड़की को बाइक पर बैठाता है और पूछता है कि वे लड़के कहां खड़े होते हैं। लड़की बताती है कि वे अक्सर एक गली के पास मिलते हैं। थोड़ी ही दूरी तय करने के बाद ड्राइवर उसे उसके घर के पास छोड़ देता है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर “rohitvlogster” नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर महिला सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई लोगों ने लड़की के फैसले को सही बताया। कुछ यूजर्स ने कहा कि ऐसी जगह पर सावधानी बरतना जरूरी है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि भले ही वीडियो स्क्रिप्टेड हो, लेकिन यह महिलाओं की असली समस्या को दिखाता है। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाने पड़ते हैं, जो एक गंभीर मुद्दा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...