Site icon Dainik Savera Times

गोवा में समुद्र बना काल, चट्टान पर बैठा शख्स लहरों में बहा… वायरल वीडियो ने झकझोरा

Baga Beach Goa

Baga Beach Goa

Baga Beach Goa: गोवा के मशहूर बागा बीच से एक दर्दनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति समुद्र किनारे चट्टान पर बैठा दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि वह अपने मोबाइल फोन के साथ समुद्र का नजारा देख रहा था। तभी अचानक समुद्र की एक तेज और ऊंची लहर आती है और उसे अपने साथ बहा ले जाती है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि लहर की चपेट में आने के बाद व्यक्ति करीब 10 सेकंड तक पानी में संघर्ष करता है। वह किनारे तक पहुंचने की कोशिश करता है, लेकिन समुद्र की तेज धाराएं उसे इधर-उधर खींचती रहती हैं। कुछ ही पलों बाद वह लहरों के बीच गायब हो जाता है। बाद में उसके शव के मिलने की सूचना सामने आई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय अशफाक मसाली के रूप में हुई है। वह कर्नाटक का रहने वाला था और छुट्टियां मनाने के लिए गोवा आया हुआ था।

रेस्क्यू टीम ने समुद्र से शव को बाहर निकाला

बताया जा रहा है कि खराब मौसम और मानसून के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बीच पर तैनात रेस्क्यू टीम और लाइफगार्ड मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने समुद्र से शव को बाहर निकाला। इस घटना के बाद बीच पर मौजूद अन्य पर्यटक भी सहम गए। लाइफगार्ड्स ने पर्यटकों से अपील की है कि वे चेतावनी वाले झंडों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मानसून के दौरान समुद्र का मिजाज बेहद खतरनाक हो सकता है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

 

लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने घटना पर दुख जताया और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं कुछ यूजर्स ने इस घटना को लेकर मजाकिया टिप्पणियां भी कीं, जिस पर अन्य लोगों ने नाराजगी जताई और ऐसे कमेंट्स को असंवेदनशील बताया।

गोवा पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, साल 2026 के पहले पांच महीनों में 46.39 लाख से अधिक पर्यटक गोवा पहुंचे हैं। इनमें 44 लाख से ज्यादा घरेलू पर्यटक और करीब 2 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि गोवा आज भी देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा पर्यटन स्थलों में से एक बना हुआ है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि समुद्र किनारे घूमने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। खासकर मानसून के मौसम में समुद्र के पास सावधानी बरतना और चेतावनियों को गंभीरता से लेना जीवन बचा सकता है।

Exit mobile version