Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

15 हजार फीट की ऊंचाई पर प्लेन में फंसा स्काइडाइवर का पैराशूट, वीडियो देख थमी सबकी सांसे

December 13, 2025

15 हजार फीट की ऊंचाई पर प्लेन में फंसा स्काइडाइवर का पैराशूट, वीडियो देख थमी सबकी सांसे

अजब-गजब: सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी सांसें थम सकती हैं। यह खौफनाक घटना ऑस्ट्रेलिया के नॉर्थ क्वींसलैंड की बताई जा रही है, जहां 15,000 फीट की ऊंचाई से स्काइडाइव करने वाला एक व्यक्ति अचानक मौत के बेहद करीब पहुंच गया दरअसल, स्काइडाइवर जैसे ही विमान से छलांग लगाने वाला था, उसी दौरान बड़ा हादसा हो गया। विमान से बाहर निकलते ही उसका रिजर्व पैराशूट अचानक खुल गया और सीधे प्लेन के पिछले हिस्से यानी टेल में फंस गया। इसके बाद जो हुआ, वह किसी डरावनी फिल्म के सीन से कम नहीं था।

छलांग लगाते ही बिगड़ा संतुलन

स्काइडाइवर विमान के दरवाजे पर खड़ा होकर कूदने की तैयारी कर रहा था। जैसे ही उसने बाहर कदम रखा, उसके रिजर्व पैराशूट का हैंडल विमान के आधे खुले फ्लैप में उलझ गया। इससे पैराशूट तुरंत खुल गया और तेज हवा के दबाव में फैलते हुए विमान की टेल से चिपक गया। इस हादसे के बाद स्काइडाइवर चलती उड़ान के साथ हवा में लटक गया। तेज रफ्तार विमान के पीछे लटकता हुआ वह जिंदगी और मौत के बीच झूलता रहा।

ये भी पढ़ें: Lionel Messi के न मिलने पर भड़के फैंस, गिराए टेंट और फेंकी कुर्सियां, देखें वीडियो

विमान को भी हुआ नुकसान

रिपोर्ट्स के अनुसार, स्काइडाइवर के झटकों के कारण विमान के बाएं स्टेबलाइजर को भी नुकसान पहुंचा। पायलट को शुरुआत में इस घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन उसे अचानक विमान के असंतुलित होने और गति कम होने का अहसास हुआ।

सूझबूझ से बचाई जान

हवा में लटके स्काइडाइवर ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह चाकू निकाला और अपने रिजर्व पैराशूट की करीब 11 लाइनों को काट दिया। जैसे ही रस्सियां टूटीं, पैराशूट फट गया और वह विमान से अलग हो गया। इसके बाद स्काइडाइवर ने अपना मुख्य पैराशूट खोला और सुरक्षित जमीन पर उतर गया। इस खतरनाक हादसे में उसे सिर्फ मामूली चोटें आईं।

पायलट भी कूदने को था तैयार

विमान पर नियंत्रण बिगड़ता देख पायलट भी प्लेन से कूदने की तैयारी कर चुका था। हालांकि, करीब 2,500 फीट नीचे आने के बाद उसे लगा कि वह विमान को संभाल सकता है। इसके बाद उसने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित उतार लिया।

लोगों को दहला रहा वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने वाले लोग स्काइडाइवर की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

डलसा अनंतनाग के सचिव, जज सायम कयूम ने लोक अदालत के दौरान दैनिक सवीरा से विशेष बातचीत की

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें