Dainik Savera Times

पहाड़ों के बीच इंजीनियरिंग का अद्भुत चमत्कार, रेलवे इतिहास में नया अध्याय लिखने वाला पुल

wonderful marvel of engineering

नेशनल डेस्क : जब प्रकृति रास्ते कठिन बना देती है, तब मानव संकल्प उन्हें पार करने का रास्ता ढूंढ़ ही लेता है। जम्मू-कश्मीर की दुर्गम पहाड़ियों और गहरी घाटियों के बीच खड़ा ‘अंजी खड्ड ब्रिज’ इसी संकल्प, साहस और इंजीनियरिंग कौशल का अद्भुत उदाहरण है। यह ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टेड रेलवे ब्रिज है, जो अंजी नदी की गहराइयों को पाटते हुए कटरा और रियासी के बीच एक मजबूत कनेक्टिविटी स्थापित करता है। यह न केवल एक इंजीनियरिंग चमत्कार है, बल्कि कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।

यह पुल उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना के अंतर्गत कटरा-बनिहाल खंड में निर्मित किया गया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इस ब्रिज का निर्माण केवल 11 महीनों में पूरा किया गया, जो इसकी योजनाबद्धता और दक्षता का परिचायक है। अंजी खड्ड ब्रिज नदी तल से 331 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसका केंद्रीय पायलन 193 मीटर ऊंचा है, जो इस पूरी संरचना को संतुलन प्रदान करता है।


725 मीटर लंबा यह ब्रिज 96 मजबूत स्टील केबलों पर टिका हुआ है, जिनकी कुल लंबाई 653 किलोमीटर और वजन 849 मीट्रिक टन है। इसकी संरचना में कुल 8,215 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग किया गया है, जिससे यह ना केवल विशाल है, बल्कि बेहद सुदृढ़ और टिकाऊ भी है। यह ब्रिज भारत में चिनाब ब्रिज के बाद दूसरा सबसे ऊंचा रेलवे पुल है, जो इसकी तकनीकी उपलब्धियों को और भी ऊंचा बनाता है।

अंजी खड्ड ब्रिज का महत्व सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण से भी बहुत गहरा है। यह पुल जम्मू-कश्मीर के दूर-दराज इलाकों को शहरी क्षेत्रों से जोड़ता है, जिससे वहां शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय और परिवहन की सुविधाएं सुगम होंगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और घाटी में पर्यटन तथा व्यापार को भी गति मिलेगी।
यह ब्रिज न केवल लोहे और केबल से बना है, बल्कि यह उस जज़्बे और तकनीकी आत्मविश्वास का प्रतीक है, जो भारत को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। अंजी खड्ड ब्रिज वास्तव में पहाड़ों के बीच प्रगति का एक भव्य सेतु है।

Exit mobile version