
अजब-गजब: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में जहां हजारों लोगों ने गानों का आनंद लिया, वहीं एक युवक ने इस मौके को कमाई के अच्छे अवसर में बदल दिया। युवक ने कॉन्सर्ट के बाहर पानी की बोतलें बेचकर सिर्फ 2 घंटे में 24 हजार रुपये की बिक्री कर दी। सोशल मीडिया पर अब इस युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उसके बिजनेस आइडिया और कमाई करने के तरीके की खूब चर्चा कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में युवक अपनी कमाई की पूरी कहानी बताता नजर आ रहा है। उसके मुताबिक, वह दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में पहुंचा था। वहां हजारों लोगों की भीड़ देखकर उसने पानी की बोतलें बेचने का फैसला किया। खास बात यह रही कि युवक ने इसके लिए कोई दुकान या स्टॉल नहीं लगाया। वह पानी की बोतलों के पैकेट लेकर कॉन्सर्ट के बाहर पहुंचा और लोगों के बीच जाकर बोतलें बेचने लगा। कॉन्सर्ट में भारी भीड़ होने के कारण लोगों को पानी की जरूरत थी। ऐसे में युवक को ग्राहक ढूंढने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और कुछ ही समय में उसकी बोतलें बिकने लगीं।
युवक ने बताया कि जिस पानी की बोतल की कीमत 13 रुपये थी, उसे उसने 50 रुपये में बेचा। कॉन्सर्ट में पानी की मांग इतनी ज्यादा थी कि लोग आसानी से बोतलें खरीद रहे थे। उसके मुताबिक, उसने करीब 2 घंटे में पानी की 40 पेटियां बेच दीं। एक पेटी में 12 बोतलें थीं। इस तरह उसने कुल 480 पानी की बोतलें बेचीं।
View this post on Instagram
युवक की कमाई का पूरा हिसाब भी काफी दिलचस्प है।
– एक बोतल की खरीद कीमत: 13 रुपये
– एक बोतल का बिक्री मूल्य: 50 रुपये
– कुल बेची गई बोतलें: 480
– कुल बिक्री: 24,000 रुपये
– पानी खरीदने की कुल लागत: 6,240 रुपये
– कुल मुनाफा: 17,760 रुपये
यानी युवक ने महज दो घंटे में 24 हजार रुपये की बिक्री की और पानी की खरीद लागत निकालने के बाद उसे 17,760 रुपये का मुनाफा हुआ। हालांकि, इसमें आने-जाने या अन्य खर्च शामिल नहीं हैं।
युवक का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग उसके बिजनेस माइंड की तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि उसने भीड़ को सिर्फ मनोरंजन के मौके के तौर पर नहीं देखा, बल्कि इसे कमाई के अवसर में बदल दिया। कुछ लोगों ने कॉन्सर्ट में पानी की बोतल के 50 रुपये दाम को भी सही बताया। वहीं, कई यूजर्स युवक की कम समय में इतनी अच्छी बिक्री करने की क्षमता से हैरान हैं।