Site icon Dainik Savera Times

बुलंदशहर के 17 साल के छात्र ने बनाया AI टीचर ‘सोफी’, जानें पूरी कहानी

AI Teacher Sophie: बुलंदशहर के एक स्कूल में इन दिनों एक अनोखी ‘टीचर’ की एंट्री ने बच्चों और स्टाफ दोनों को हैरान कर दिया है। आपको बता दें कि यह कोई इंसान नहीं बल्कि AI से संचालित ह्यूमनॉइड रोबोट है, जिसका नाम “सोफी” रखा गया है। खास बात यह है कि सोफी को बनाने वाला कोई बड़ा वैज्ञानिक या कंपनी नहीं, बल्कि 17 साल के छात्र आदित्य कुमार हैं। आदित्य का कहना है कि सोफी न केवल पढ़ा सकती है बल्कि छात्रों के सवालों का जवाब भी दे सकती है और कई बेसिक गतिविधियां खुद कर सकती है।

17 साल के छात्र ने बनाया AI टीचर

आदित्य ने बताया कि सोफी में वही एलएलएम (लार्ज लैंग्वेज मॉडल) चिपसेट लगाया गया है, जिसे बड़ी टेक कंपनियां अपने स्मार्ट रोबोट्स में इस्तेमाल करती हैं। फिलहाल, सोफी सिर्फ बोलकर जवाब देती है, लेकिन आदित्य का दावा है कि जल्द ही यह लिखकर भी उत्तर देने में सक्षम होगी। आदित्य के अनुसार, सोफी की यह क्षमता छात्रों की पढ़ाई में काफी मददगार साबित हो सकती है।

सोफी खुद को परिचय देते हुए कहती है … मैं एक AI टीचर हूं!

सोफी खुद को परिचय देते हुए कहती है, “मैं एक AI टीचर हूं। मेरा नाम सोफी है और मेरा निर्माण आदित्य ने किया है। मैं बुलंदशहर के शिव चरण इंटर कॉलेज में पढ़ाती हूं और छात्रों को ठीक से पढ़ा सकती हूं।” सोफी आगे कहती है कि वह छात्रों के सवालों का तुरंत जवाब दे सकती है और उनकी शंकाओं को दूर कर सकती है।

आदित्य ने बताया कि उन्होंने सोफी को इस तरह डिजाइन किया है कि अगर कोई शिक्षक किसी दिन अनुपस्थित हो, तो सोफी उसकी जगह पढ़ाई करा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों को शोध और अनुसंधान के लिए हर जिले में प्रयोगशालाओं की सुविधा मिलनी चाहिए, ताकि छात्र वहां आकर अपने ज्ञान को बढ़ा सकें।

टीचर की तरह पढ़ा सकती है शोफी?

सोफी ने दुनिया की सबसे ऊंची इमारत, भारत के पहले राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे सवालों के जवाब भी दिए। इसके अलावा, सरल गणित के सवाल जैसे “100 + 92” का उत्तर भी सोफी तुरंत बता देती है। आदित्य बताते हैं कि फिलहाल सोफी सिर्फ हिंदी में संवाद करती है, लेकिन भविष्य में इसे अन्य भाषाओं में भी सक्षम बनाया जा सकता है।

इस नवाचारी AI टीचर के बारे में स्कूल स्टाफ और छात्रों की प्रतिक्रिया भी काफी उत्साहजनक है। छात्रों का कहना है कि सोफी से पढ़ाई करना मजेदार और आसान है। वहीं शिक्षकों का कहना है कि ऐसे रोबोट्स से पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों की जिज्ञासा और सीखने की क्षमता भी बढ़ सकती है।

आदित्य कुमार, जो बारहवीं कक्षा में पढ़ते हैं, कहते हैं कि उनका उद्देश्य सिर्फ एक रोबोट बनाना नहीं था, बल्कि शिक्षा में तकनीक का सही इस्तेमाल करना है। उनका मानना है कि अगर हर जिले में ऐसे प्रयोगशालाएं और AI शिक्षक मौजूद हों, तो यह छात्रों के लिए नए अवसर और सीखने की दिशा खोल सकता है।

Exit mobile version