Site icon Dainik Savera Times

स्टेज पर लोगों से मिल रहे थे अमित शाह, तभी पोते ने पकड़ा हाथ और ले गया अपने साथ (Video)

अहमदाबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एक बेहद प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस वीडियो में अमित शाह अपने पोते की जिद के आगे झुकते नजर आ रहे हैं। पोते ने उनका हाथ पकड़ा और अपने साथ चलने की जिद करने लगा। दादा अमित शाह भी उसकी बात मानते हुए मुस्कुराए और उसका हाथ थामकर साथ चल पड़े। दादा और पोते के बीच का यह खास पल लोगों को काफी पसंद आ रहा है।

दरअसल, अमित शाह ने मंगलवार को अहमदाबाद स्थित अपने आवास पर गुजराती नववर्ष के मौके पर स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और उन्हें नए साल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अमित शाह के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। इसी बीच उनके पोते के साथ एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।

पोते ने पकड़ा हाथ और दादाजी को ले जाने लगा

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अमित शाह अपने आवास पर आए लोगों से मिल रहे थे और उन्हें गुजराती नववर्ष की बधाई दे रहे थे। इसी दौरान उनका पोता उनके पास पहुंचा और उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचने लगा। पोता उन्हें अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। ऐसे में अमित शाह भी उसकी जिद के आगे मुस्कुरा दिए और उसका हाथ पकड़कर उसके साथ चलने लगे। पोता उन्हें स्टेज से नीचे उतारकर सीढ़ियों के पास ले गया। कुछ देर उसके साथ रहने के बाद अमित शाह उसे वहीं छोड़कर दोबारा स्टेज पर लौट आए और लोगों से मुलाकात करने लगे।

 

अमित शाह ने गुजराती नववर्ष पर दी शुभकामनाएं

इस खास मौके पर अमित शाह ने सभी गुजराती भाई-बहनों को नववर्ष की बधाई भी दी। उन्होंने कामना की कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। उन्होंने मां लक्ष्मी से हर परिवार पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

बताते चलें कि, गुजराती नववर्ष को ‘बेस्टु वरस’ या ‘नूतन वर्ष’ भी कहा जाता है। यह दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है और विक्रम संवत के नए साल की शुरुआत का प्रतीक है। इस दिन लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं, परिवार और दोस्तों से मिलते हैं और एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते हैं।

Exit mobile version