नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपनी पत्नी को मायके से लेने आया था, लेकिन रास्ते में बस स्टैंड पर पत्नी उसे पकौड़ी लेने भेजकर अचानक गायब हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई।
जानकारी के अनुसार, अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी करीब चार महीने पहले रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। होली का त्योहार मनाने के लिए युवती एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी।
यह भी पढ़ें- Indigo में बड़ा बदलाव: CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, राहुल भाटिया बने अंतरिम प्रमुख
सोमवार सुबह युवक अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए सैफनी पहुंचा। दोनों पहले बस से सैफनी से बिलारी पहुंचे। इसके बाद बिलारी बस स्टैंड से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में बैठ गए। बस स्टैंड पर खड़ी बस में बैठने के बाद पत्नी ने अपने पति से कहा कि वह पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी की बोतल ले आए। उसने यह भी कहा कि पकौड़ी उसके सामने ही गर्म करवाकर और अच्छी तरह तलवाकर लाना।
पति जब पकौड़ी लेकर वापस बस में आया तो उसकी पत्नी अपनी सीट पर नहीं थी। उसने तुरंत पत्नी को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद युवक ने बस में बैठे अन्य यात्रियों से पूछा। यात्रियों ने बताया कि महिला किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी और फिर बस से उतरकर चली गई।
यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया पर हुई पैसों की बारिश, BCCI ने इतने करोड़ रुपए देने का किया ऐलान
पत्नी के अचानक गायब होने से युवक काफी परेशान हो गया। उसने बस स्टैंड के आसपास काफी देर तक उसे ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में उसने इस घटना की जानकारी अपने परिवार और ससुराल वालों को दी। बस स्टैंड पर मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि युवती का शादी से पहले अपने गांव के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना बिलारी पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...