Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

असम में सेना के जवान का चालान काटना ट्रैफिक इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, ड्यूटी से हटाई गईं

November 20, 2026

असम में सेना के जवान का चालान काटना ट्रैफिक इंस्पेक्टर को पड़ा भारी, ड्यूटी से हटाई गईं

अजब गजब: असम के जोरहाट जिले में सेना के एक जवान का चालान काटने के बाद मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) खुद मुश्किल में आ गईं। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान सेना के ड्राइवर का सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालान काटा गया था। इसके बाद MVI ने सेना की गाड़ी के सामने जवानों को खड़ा करके उनकी तस्वीरें भी खींचीं। इस घटना के बाद विवाद खड़ा हो गया। अब जिला प्रशासन ने MVI समीम सुल्ताना को एक-दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया है।

जोरहाट जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले पर खेद जताते हुए कहा है कि घटना की वजह से सेना के जवानों को अनजाने में शर्मिंदगी और असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि सेना के प्रति अनादर करने का उनका कोई इरादा नहीं था।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना बुधवार को जोरहाट शहर की व्यस्त AT रोड पर इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने हुई। उस समय इलाके में ‘जीरो-फैटैलिटी’ सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर समीम सुल्ताना ने सेना की एक जिप्सी को रोका।

अधिकारियों के मुताबिक, गाड़ी चला रहा जवान जोरहाट के लिचुबारी स्थित मिलिट्री स्टेशन के 41 सब-एरिया से जुड़ा था। वह एक अन्य जूनियर सैन्यकर्मी के साथ सरकारी काम से जा रहा था। जांच के दौरान MVI ने पाया कि ड्राइवर ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। इस पर उसका चालान काट दिया गया। इसके बाद MVI ने सेना के जवानों को गाड़ी के सामने खड़ा होने के लिए कहा और उनकी तस्वीरें भी खींचीं। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

 

ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर नहीं था विवाद

जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने स्पष्ट किया कि सेना के जवान पर बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने का कोई आरोप नहीं था। उसका चालान सिर्फ सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण काटा गया था। उन्होंने बताया कि सेना के जवान अपने सैन्य ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर सेना के वाहन चला सकते हैं, लेकिन इसी लाइसेंस से सामान्य नागरिक वाहन चलाने की अनुमति नहीं होती। अधिकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान MVI का व्यवहार भी कुछ रूखा था। इसी वजह से उन्हें एक-दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर MVI समीम सुल्ताना और सेना के ड्राइवर के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। इसके बाद जिला प्रशासन ने घटना की जानकारी जुटाई और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें